Trending

गांधीनगर में चमका भारत, एशियन वेटलिफ्टिंग में महिला टीम तीसरे और पुरुष पांचवें स्थान पर

भारत ने एशियन सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं की टीम रैंकिंग में तीसरा और पुरुषों की टीम रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया। यह चैंपियनशिप रविवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में संपन्न हुई। इसमें पूरे एशिया के नामचीन वेटलिफ्टरों ने छह दिनों तक दमदार मुकाबला किया।

भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप 11 से 17 मई तक चली, जिसमें 30 देशों के 172 एथलीटों ने हिस्सा लिया। इनमें 97 पुरुष और 75 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। प्रतियोगिता में महिलाओं की आठ और पुरुषों की सात भारवर्ग श्रेणियां रखी गई थीं। महिलाओं के वर्ग में 20 से अधिक देशों तथा पुरुषों के वर्ग में 15 से ज्यादा देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

चीन ने महिलाओं और पुरुषों दोनों की टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया। महिलाओं की टीम रैंकिंग में चीन 578 अंकों के साथ पहले, चीनी ताइपे 491 अंकों के साथ दूसरे और भारत 487 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। श्रीलंका, बांग्लादेश और कोरिया की टीमें भी शीर्ष छह में शामिल रहीं।

@Media_SAI

पुरुषों की टीम रैंकिंग में चीन 593 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। उसके बाद डीपीआर कोरिया 478 अंकों के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 409 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चीनी ताइपे 392 अंकों के साथ चौथे, भारत 379 अंकों के साथ पांचवें और तुर्कमेनिस्तान 344 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा।

ओवरऑल मेडल तालिका में चीन ने 21 स्वर्ण, 12 रजत और 8 कांस्य पदकों के साथ अपना दबदबा कायम रखा। डीपीआर कोरिया 18 स्वर्ण, 11 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। चीनी ताइपे ने 3 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। बहरीन, ईरान, उज्बेकिस्तान, मलेशिया, वियतनाम, कतर, दक्षिण कोरिया, भारत, तुर्कमेनिस्तान, जापान, कजाकिस्तान और फिलीपींस भी पदक तालिका में शामिल रहे।

भारत ने इस चैंपियनशिप में कुल 10 पदक जीते, जिनमें एक रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। आधिकारिक नतीजों के अनुसार, प्रतियोगिता के दौरान कई रिकॉर्ड टूटे। इस दौरान 27 एशियाई और 25 विश्व रिकॉर्ड बने। डीपीआर कोरिया की री सुक को महिलाओं में सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर चुना गया, जबकि चीन के यूजी को पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर का सम्मान मिला।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिलाओं की 86+ किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा आयोजित की गई, जिसके बाद समापन समारोह हुआ। इस समारोह में एशियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, खिलाड़ी, कोच और खेल प्रशासक शामिल हुए। भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ के सीईओ अश्विनी कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच बेहद उच्च स्तर का मुकाबला देखने को मिला।

उन्होंने कहा, “गांधीनगर में एशियन सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 की सफल मेजबानी भारतीय वेटलिफ्टिंग और भारतीय खेलों के लिए गर्व का क्षण है। इस चैंपियनशिप में उच्च स्तरीय प्रदर्शन, कई विश्व और एशियाई रिकॉर्ड तथा महाद्वीप के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों की शानदार भागीदारी देखने को मिली।”

उन्होंने आगे कहा, “हम इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों और राज्य सरकार के आभारी हैं। भारत के खिलाड़ियों ने भी शानदार जुझारूपन दिखाया और घरेलू सरजमीं पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।”