माही के बिना मैदान में उतरेगी सीएसके, प्लेऑफ के लिए चाहिए किस्मत का साथ
आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी को लेकर हर बार चेन्नई सुपर किंग्स के मैच से पहले यही सवाल उठता है कि क्या माही मैदान पर उतरेंगे। लेकिन हर मुकाबले की तरह इस बार भी फैंस को मायूसी ही हाथ लगी। आज चेन्नई सुपरकिंग्स का सामना गुजरात टाइटन्स से करो या मरो के मुकाबले में होने जा रहा है।
जहां तक धोनी का सवाल है तो वह इस मैच में भी नहीं खेलेंगे। पूरे सीजन में वह एक भी मैच नहीं खेले हैं। इस बीच रिपोर्ट है कि एमएस धोनी अपने गृह नगर रांची लौट चुके हैं। तो क्या वह पहले ही मान चुके हैं कि टीम प्लेऑफ में नहीं ही पहुंचने वाली है? सीएसके बैटिंग कोच माइक हसी ने एक दिन पहले ही बताया था कि अगर टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई करती है तो धोनी उसमें खेल सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी अपने होम टाउन रांची लौट गए हैं और अगर सीएसके प्लेऑफ में पहुंच जाती है तो वह फिर से टीम के पास पहुंच जाएंगे। वैसे बीच आईपीएल धोनी के होम टाउन लौटने से ये सवाल जरूर उठ रहा कि क्या उन्हें और चेन्नई सुपर किंग्स को भी भरोसा नहीं है कि टीम प्लेऑफ में पहुंचेगी। वैसे भी ये मुश्किल दिख रहा क्योंकि सीएसके को इसके लिए चमत्कार की हद तक किस्मत का साथ जरूरी है।

महेंद्र सिंह धोनी कॉफ इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 का अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। वह फुट फिटनेस हासिल करने के लिए रिकवरी और रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे थे। लीग चरण में चेन्नई सुपर किंग्स का गुरुवार को आखिरी मुकाबला गुजरात टाइटन्स के साथ है। इस मस्ट विन मैच से पहले धोनी को अंगूठे में चोट लग गई। एक दिन पहले ही बुधवार को माइक हसी ने साफ किया कि माही गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे।
गुरुवार का मैच गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों का ही लीग चरण में आखिरी मैच है। जीटी तो पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और उसकी नजर आखिरी लीग मैच को जीतकर टॉप 2 में रहते हुए अगले चरण में एंट्री लेने पर है। गुजरात टाइटन्स के 13 मैचों में 16 अंक है और पॉइंट्स टेबल में फिलहाल वह दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद के भी 16 अंक है और अभी उसका एक मुकाबला बाकी है जो आरसीबी के साथ खेला जाना है।
चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो फिलहाल 13 मैचों में उसके 12 अंक है और वह पॉइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। अगर उसे प्लेऑफ में पहुंचना है तो गुजरात टाइटन्स को हर हाल में हराना होगा। सीएसके के लिए जीटी के खिलाफ सिर्फ जीत ही काफी नहीं होगी बल्कि उसे किस्मत का भी साथ चाहिए होगा। वह तभी प्लेऑफ में पहुंच सकती है जब राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स तीनों ही अपने-अपने आखिरी मुकाबले हार जाएं।
महेंद्र सिंह धोनी की बात करें तो वह चेन्नई सुपर किंग्स के पर्याय हैं। इस सीजन में भी बड़ी तादाद में फैन सिर्फ उनको खेलते देखने के लिए सीएसके के मैचों में स्टेडियम पहुंचते रहे लेकिन हर बार उनके हाथ निराशा आई। अभी उन्होंने आईपीएल से न तो संन्यास लिया है और न ही ये ऐलान किया है कि वह अगला सीजन यानी आईपीएल 2027 खेलेंगे या नहीं।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल टीम में से एक बनाया। सीएसके ने अब तक 5 बार आईपीएल खिताब जीता है और वह इस मामले में मुंबई इंडियंस के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। मुंबई इंडियंस के लिए भी आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। सीएसके तो अगर-मगर के साथ प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है लेकिन मुंबई इंडियंस तो रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है।