Trending

मैदान पर आपा खो बैठे हार्दिक पांड्या, आईपीएल आचार संहिता उल्लंघन पर सजा

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम का लगातार खराब प्रदर्शन जारी है और इसी बीच कप्तान हार्दिक पांड्या पर बीसीसीआई ने जुर्माना भी लगा दिया है।

दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान हार्दिक पांड्या ने ऐसी हरकत कर दी, जो बीसीसीआई को पसंद नहीं आई। इसके चलते बोर्ड ने उन पर मैच फीस का जुर्माना लगाने के साथ-साथ एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया। बता दें कि केकेआर ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा, जबकि मुंबई की यह इस सीजन में 13 मैचों में नौवीं हार रही।

आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच नंबर 65 के दौरान आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।”

साभार : गूगल

हार्दिक पांड्या को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों, मैदान के उपकरण या अन्य फिक्स्चर के दुरुपयोग से संबंधित है। यह घटना दूसरी पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। हार्दिक पांड्या अपने रन-अप पर लौट रहे थे, तभी उन्होंने गुस्से में विकेट की बेल्स जोर से गिरा दीं। बाद में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा लगाए गए जुर्माने को भी मान लिया।

अगर हार्दिक पांड्या के उस ओवर की बात करें तो मनीष पांडे ने उनकी लगातार दो गेंदों पर दो चौके जड़ दिए थे। इससे पहले हार्दिक के पास रॉवमैन पॉवेल को आउट करने का मौका भी बना था, लेकिन रॉबिन मिंज और दीपक चाहर के बीच गलतफहमी के कारण कैच छूट गया और गेंद दोनों खिलाड़ियों के बीच में गिर गई। इसके बाद हार्दिक अपनी निराशा पर काबू नहीं रख सके।

केकेआर के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 147 रन पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीष पांडे (45 रन) और रोवमैन पॉवेल (40 रन) ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 64 रन की साझेदारी की, जिससे टीम जीत के करीब पहुंच गई। केकेआर ने 148 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ केकेआर अंक तालिका में आठवें स्थान से छठे स्थान पर पहुंच गई। टीम के अब 13 अंक हो गए हैं और उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। हालांकि, हार के बावजूद मुंबई इंडियंस के कोर्बिन बॉश ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नाबाद 32 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में 30 रन देकर तीन विकेट भी झटके और क्षेत्ररक्षण में भी प्रभावित किया।

अब केकेआर की नजर अन्य मुकाबलों के परिणामों पर रहेगी। टीम को उम्मीद होगी कि पंजाब किंग्स शनिवार को अपना मैच हार जाए। इसके बाद उसकी निगाह रविवार दोपहर होने वाले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर होगी। वहीं शाम को केकेआर का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

अगर राजस्थान रॉयल्स जीत दर्ज कर लेती है तो उसकी प्लेऑफ में जगह पक्की हो जाएगी और केकेआर की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उसका आखिरी लीग मुकाबला महज औपचारिकता बनकर रह जाएगा। वहीं मुंबई इंडियंस की यह इस सीजन में 13 मैचों में नौवीं हार रही।