सीएसके की हार के बाद ऋतुराज पर बड़ा जुर्माना, धीमी ओवर गति पड़ी भारी
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम की धीमी ओवर गति के कारण लगाया गया। इस मैच में सीएसके को 89 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा।
टूर्नामेंट में यह दूसरा मौका है, जब सीएसके निर्धारित समय में अपने 20 ओवर पूरे नहीं कर सकी। इसी वजह से कप्तान ऋतुराज के साथ-साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट खिलाड़ी पर भी 6 लाख या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
सीएसके और कप्तान ऋतुराज को आईपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 229 रन बनाए।

गुजरात को शानदार शुरुआत साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर में 125 रन जोड़े। साई सुदर्शन ने 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं शुभमन गिल ने 64 रन बनाए।
इसके बाद जोस बटलर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 57 रन ठोक दिए, जिसकी बदौलत गुजरात ने विशाल स्कोर खड़ा किया। 230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम 140 रन पर ऑलआउट हो गई।
संजू सैमसन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ केवल 16 रन ही बना सके। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 रन बनाए, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। उर्विल पटेल शून्य पर आउट हुए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 19 रन का योगदान दिया।
डेवाल्ड ब्रेविस भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में शिवम दुबे ने 47 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। इस हार के साथ ही सीएसके का आईपीएल 2026 का सफर समाप्त हो गया।