विक्रमशिला सेतु पर तैयार हुआ बेली ब्रिज, बीआरओ ने युद्धस्तर पर पूरा किया काम

बिहार के भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने 170 फीट लंबा बेली ब्रिज सफलतापूर्वक तैयार कर लॉन्च कर दिया है। इस अस्थायी पुल के निर्माण के बाद जल्द ही हल्के वाहनों और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही फिर से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विक्रमशिला सेतु गंगा नदी पर बना 4.88 किलोमीटर लंबा महत्वपूर्ण पुल है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-33 और राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को जोड़ता है। यह पुल भागलपुर समेत आसपास के इलाकों के लिए जीवन रेखा माना जाता है। हाल ही में पुल का 34 मीटर लंबा नेविगेशनल हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों की आवाजाही के साथ आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार ने रक्षा मंत्रालय से तत्काल सहायता मांगी थी। इसके बाद रक्षा मंत्रालय ने पुल की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन को सौंपी। बीआरओ ने युद्धस्तर पर काम करते हुए बेहद कम समय में 170 फीट लंबा बेली ब्रिज तैयार कर दिया। इस कार्य को बीआरओ की ‘प्रोजेक्ट स्वस्तिक’ निर्माण टीम ने तेजी और दक्षता के साथ पूरा किया।
दो और बेली ब्रिज जल्द लगाए जाएंगे
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में तैयार किए गए पुल के अलावा विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर दो और बेली ब्रिज जल्द लगाए जाएंगे। इन अतिरिक्त पुलों के तैयार होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क पूरी तरह बहाल होने में मदद मिलेगी।