Trending

क्या टूटने वाला है सचिन तेंदुलकर का सबसे बड़ा टेस्ट रिकॉर्ड? जो रूट ने दी प्रतिक्रिया

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड लंबे समय से भारतीय महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। 15,921 रनों का यह आंकड़ा वर्षों तक अजेय माना जाता रहा, लेकिन अब इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को चुनौती देने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।

पिछले कुछ वर्षों में रूट ने जिस निरंतरता के साथ रन बनाए हैं, उसने क्रिकेट जगत में एक नई बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि क्या वह आने वाले समय में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाएंगे?

फिलहाल जो रूट के नाम टेस्ट क्रिकेट में 13,943 रन दर्ज हैं और वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। सचिन और रूट के बीच अब केवल 1,978 रनों का फासला बचा है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रूट फिट रहते हैं और किसी बड़ी चोट से दूर रहते हैं, तो अगले दो वर्षों के भीतर वह यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

साभार : गूगल

हालांकि, रिकॉर्ड के इतने करीब पहुंचने के बावजूद रूट खुद इस उपलब्धि को लेकर ज्यादा उत्साहित नजर नहीं आते। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे बार-बार सचिन के रिकॉर्ड को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

रूट ने कहा, “खैर, मुझसे यह सवाल अब इतनी बार पूछा जाता है कि मैं कोशिश करके भी इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता।” उन्होंने सचिन तेंदुलकर की महानता को याद करते हुए कहा, “सचिन तेंदुलकर ने खेल में जो हासिल किया, वह कमाल का है। आपको मेरी बात पर यकीन करना होगा जब मैं कहता हूं कि उनके साथ बातचीत में शामिल होना ही मेरे लिए काफी है।

उस आदमी ने मेरे जन्म से पहले टेस्ट में डेब्यू किया था और मेरे टेस्ट डेब्यू में खेला था। उनका इतने लंबे समय तक खेलना अपने आप में अद्भुत है और फिर टेस्ट क्रिकेट में उनके बनाए गए रन देखें। सिर्फ इतना ही नहीं, उनके नाम 49 वनडे शतक भी हैं।”

रूट ने साफ किया कि उनका ध्यान रिकॉर्ड्स या आंकड़ों से ज्यादा अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने पर है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा इवॉल्व होने की कोशिश करता हूं, अपनी बैटिंग में कुछ नया जोड़ने की कोशिश करता हूं। यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं जितना हो सके उतना कॉम्पैक्ट और तकनीकी रूप से मजबूत महसूस करूं ताकि मैच के दौरान मेरा पूरा ध्यान रणनीति और परिस्थितियों पर रहे, न कि तकनीकी चिंताओं पर।”उन्होंने आगे कहा, “यह सुनने में आसान लगता है, लेकिन जब मैं क्रीज पर होता हूं तो मेरा पूरा फोकस सिर्फ खेल खेलने पर होता है।”