अंतिम दौर में फिसलीं प्रणवी उर्स, लेला मरयम कप में संयुक्त 17वें स्थान पर रहीं
भारत की प्रणवी उर्स ने यहां खेले गए लेला मरयम कप गोल्फ टूर्नामेंट के अंतिम दिन संयुक्त 17वें स्थान पर रहते हुए अपना अभियान समाप्त किया, जबकि दीक्षा डागर संयुक्त 20वें स्थान पर रहीं। प्रणवी ने टूर्नामेंट में 70, 71 और 74 के राउंड खेलकर कुल चार अंडर का स्कोर बनाया। दीक्षा ने 75, 70 और 71 के स्कोर के साथ कुल तीन अंडर का स्कोर दर्ज किया।
प्रणवी ने प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत की थी और पहले दौर के बाद संयुक्त दूसरे स्थान पर थीं। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भी वह शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल थीं। हालांकि, अंतिम दौर में उन्होंने एक ओवर 74 का कार्ड खेला, जिसके कारण वह फिसलकर संयुक्त 17वें स्थान पर पहुंच गईं।
भारतीय खिलाड़ियों में अवनि प्रशांत और हिताषी बक्शी कट हासिल करने में सफल नहीं हो सकीं और शुरुआती दौर में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। कनाडा की अन्ना हुआंग ने अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात अंडर 66 का स्कोर बनाया और एक शॉट के अंतर से खिताब अपने नाम किया। हुआंग ने कुल 14 अंडर के स्कोर के साथ टूर्नामेंट जीता।

अंतिम दौर की शुरुआत से पहले 17 वर्षीय अन्ना हुआंग, शीर्ष पर चल रही केल्सी बेनेट से छह शॉट पीछे थीं। इसके बावजूद उन्होंने बेहतरीन वापसी करते हुए खिताब जीत लिया। दूसरी ओर, केल्सी बेनेट ने अंतिम दौर में पार 73 का स्कोर बनाया और कुल 13 अंडर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।