Trending

फिट इंडिया से राष्ट्रमंडल खेलों तक, खेल मंत्री ने बताया भारत का स्पोर्ट्स रोडमैप

राष्ट्रमंडल खेल 2030 की तैयारियों को लेकर उत्साहित केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को बोला कि इन खेलों के लिए ओलंपिक स्तर का खेल बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है और भारतीय खिलाड़ी भी पोडियम पर जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

राष्ट्रमंडल खेल दिवस के अवसर पर यहां साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के दौरान एक समाचार एजेंसी संग बातचीत में मांडविया ने कहा, ‘‘आज ‘संडे ऑन साइकिल’ का 75वां सत्र है और राष्ट्रमंडल खेल दिवस भी है। इसे ध्यान में रखते हुए राष्ट्रमंडल खेल 2030 के मेजबान शहर में मुख्य आयोजन किया गया है। हजारों की संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लेकर फिट इंडिया का संदेश दिया है।’’

अहमदाबाद वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। दिल्ली में 2010 में आयोजित खेलों के बाद यह पहला अवसर होगा जब भारत में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया जाएगा। भारत ने अहमदाबाद में ही वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना ‘आशय पत्र’ अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को भी सौंप दिया है।

साभार : गूगल

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ओलंपिक स्तर का खेल बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही हमारे देश के खिलाड़ी भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक में पोडियम पर खड़े होकर देश का नाम रोशन कर सकें।’’ राष्ट्रमंडल खेलों से पहले अहमदाबाद के नारनपुरा क्षेत्र में 825 करोड़ रुपये की लागत से 20 एकड़ में फैले वीर सावरकर परिसर का उद्घाटन पिछले वर्ष ही किया जा चुका है।

वहीं, नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास 335 एकड़ में विकसित किए जा रहे सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव में तीन नए परिसरों का निर्माण जारी है। इस एन्क्लेव तथा कराई स्थित गुजरात पुलिस अकादमी में निर्माण कार्य वर्ष 2028 से 2029 के बीच पूरा हो जाएगा, जहां मुख्य रूप से एक्वाटिक्स, टेनिस, एथलेटिक्स और निशानेबाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

खेल मंत्री मांडविया ने प्रधानमंत्री मोदी के ईंधन बचत अभियान से जुड़ने के लिए देशवासियों से साइकिलिंग अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘साइकिलिंग फिट इंडिया का मंत्र है, प्रदूषण का समाधान है और ईंधन की बचत का भी प्रभावी माध्यम है। यही कारण है कि आज देश के 8,000 से अधिक स्थानों पर ‘संडे ऑन साइकिल’ के माध्यम से युवा साइकिलिंग से जुड़ रहे हैं।’’

मांडविया ने आगे कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन बचाने का आह्वान किया है और इसका सबसे प्रभावी तरीका साइकिलिंग है। देश को आगे बढ़ाने और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देशवासियों का फिट रहना आवश्यक है, जिसका एक सशक्त माध्यम साइकिलिंग है।

इसलिए मैं युवाओं से साइकिलिंग से जुड़ने का आग्रह करता हूं। ‘संडे ऑन साइकिल’ एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम है, लेकिन इसका संदेश यही है कि हम सभी भारतीय साइकिलिंग को अपनाएं और स्वस्थ रहें।’’

इससे पहले गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कार्यक्रम में कहा कि फिट इंडिया कोई सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। उन्होंने कहा, ‘‘कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोग फिट इंडिया आंदोलन को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। यह कोई सरकारी आंदोलन नहीं है, बल्कि इसकी सफलता जनभागीदारी पर आधारित है। देशभर के लोगों को इसका हिस्सा बनना चाहिए।’’

खेल मंत्री मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल थीम पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जिसमें पिछले 12 वर्षों के दौरान खेलों में भारत की उपलब्धियों की झलक के साथ-साथ खेलो इंडिया मिशन और खेल उपकरण निर्माण के क्षेत्र में की गई पहलों को भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के प्रमुख आदिले सुमरिवाला, हॉकी खिलाड़ी रजनी ई., गुरजीत कौर और सोनिका टी., निशानेबाज अंजुम मोद्गिल तथा अंकुर मित्तल, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे और अभिनेता एवं फिट इंडिया आइकन आयुष्मान खुराना भी उपस्थित थे।

राष्ट्रमंडल खेल दिवस समारोह से पहले माय भारत प्लेटफॉर्म पर देशव्यापी क्विज प्रतियोगिता, रील निर्माण प्रतियोगिता और टॉर्च डिजाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।