Trending

कमिंस का प्लेऑफ मंत्र: सतर्क नहीं, और ज्यादा आक्रामक बनेगा हैदराबाद

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि प्लेऑफ के दबाव से निपटने और खिताब जीतने के लिए उनकी टीम को अधिक सतर्क होने के बजाय और भी आक्रामक क्रिकेट खेलना होगा। हैदराबाद बुधवार शाम न्यू चंडीगढ़ के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगी।

कमिंस ने एक बातचीत में कहा, “मुझे लगता है कि जिन चीजों की बदौलत आप फाइनल तक पहुंचे हैं, उन्हें वैसा ही बनाए रखना चाहिए। हालांकि इस चरण में थोड़ा अधिक दबाव और घबराहट भी होती है, इसलिए उसे स्वीकार करना जरूरी है। मैं हमेशा यह सोचता हूं कि मैच खत्म होने के बाद पीछे मुड़कर देखने पर कहीं कोई पछतावा तो नहीं रहेगा। फाइनल या नॉकआउट मुकाबलों में मेरी मानसिकता हमेशा इसी तरह की रहती है।”

उन्होंने कहा, “ज्यादा रक्षात्मक होने के बजाय हमें और अधिक आक्रामक होने की कोशिश करनी चाहिए। खिताब जीतने के लिए हमें लगातार तीन मैच जीतने होंगे। पूरे सीजन में हम इससे ज्यादा लगातार मुकाबले जीत चुके हैं। एक समय हमने लगातार पांच मैच भी जीते थे, इसलिए यह पूरी तरह संभव है। हम जिन टीमों के खिलाफ खेलेंगे, उन्हें अच्छी तरह जानते हैं।

© Getty

यह आसान नहीं होगा, लेकिन मुझे विश्वास है कि हम ऐसा कर सकते हैं।” इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लीग चरण के दोनों मुकाबले जीतने के बावजूद कमिंस का मानना है कि एलिमिनेटर में दोनों टीमें नए सिरे से शुरुआत करेंगी।

उन्होंने कहा, “जाहिर है कि यह एक नई शुरुआत होगी, लेकिन पिछले मुकाबलों से मिली सीख आपके साथ रहती है। हमने राजस्थान के खिलाफ दो मैच खेले हैं और उनके कई खिलाड़ियों को करीब से देखा है। हमारी टीम के कई खिलाड़ी उन मौकों को याद कर सकते हैं जब उन्हें सफलता मिली थी और वे उसी आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतर सकते हैं। जिस टीम के खिलाफ आपको पहले सफलता मिली हो, उसके खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा लगता है।”

राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए गेंदबाजी रणनीति पर बात करते हुए कमिंस ने कहा, “एक गेंदबाज के रूप में हमेशा संतुलन बनाए रखना पड़ता है। आपको यह समझना होता है कि आपकी ताकत क्या है और आप अपनी योजनाओं के अनुसार कैसे गेंदबाजी करेंगे। लेकिन हर टीम में एक या दो ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ आप ‘प्लान बी’ और ‘प्लान सी’ पर भी ज्यादा काम करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम निश्चित रूप से वैभव के लिए विशेष योजना बनाएंगे। पिछली बार उसने हमारे खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन मुझे लगा कि कई मौकों पर हमने उसके खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और उसे बांधे रखने में भी सफलता पाई थी। हालांकि बाद में वह हम पर हावी हो गया। हम उन अनुभवों से सीख लेकर इस मुकाबले में बेहतर तैयारी के साथ उतरेंगे।”