Trending

सरदार और रानी के मार्गदर्शन में एशिया कप में उतरेगी भारत की अंडर-18 हॉकी टीमें

सरदार सिंह और रानी रामपाल जैसे सीनियर पूर्व प्लेयर्स के मार्गदर्शन में भारत की अंडर 18 लड़के और लड़कियों की टीमें शुक्रवार से यहां शुरू हो रहे एशिया कप में प्रभावी प्रदर्शन के इरादे से उतरेंगी। लड़कों की टीम के कोच भारत के पूर्व कप्तान सरदार और रजनीश मिश्रा हैं जबकि लड़कियों की टीम की कोच भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल है।

कई सप्ताह शिविर में तैयारी करने और भोपाल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने के बाद दोनों टीमों को दमदार प्रदर्शन का यकीन है। फॉरवर्ड केतन कुशवाहा की कप्तानी में अंडर 18 लड़कों की टीम ने भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में सरदार और रजनीश की देखरेख में अभ्यास शिविर में भाग लिया था।

आस्ट्रेलिया की अंडर 18 टीम के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला में भारत ने एक जीता, एक हारा और दो ड्रॉ खेले। भारत को पूल ए में मेजबान जापान, कोरिया, चीनी ताइपै और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारत 29 मई को कजाखस्तान से, 31 मई को जापान, एक जून को कोरिया और तीन जून को चीनी ताइपै से खेलेगा।

साभार : गूगल

पूल बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन हैं। हर पूल से शीर्ष दो टीमें पांच जून को सेमीफाइनल खेलेंगी जबकि फाइनल छह जून को होगा। लड़कों की टीम के कप्तान कुशवाहा ने कहा ,‘‘ हम आत्मविश्वास से ओतप्रोत और काफी रोमांचित हैं।

भोपाल में शिविर और आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैचों से हमें काफी कुछ सीखने को मिला और हमने अपनी कमजोरियों पर काम किया। टूर्नामेंट में हर मैच प्रतिस्पर्धी होगा लेकिन हम भी तैयार हैं।’’ भारत की अंडर 18 लड़कियों की टीम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला के आखिरी मैच में जीत दर्ज की थी।

पूल ए में भारत को 30 मई को मलेशिया से, 31 मई को कोरिया और दो जून को सिंगापुर से खेलना है। पूल बी में चीन, जापान, चीनी ताइपै और बांग्लादेश हैं। हर पूल से शीर्ष दो टीमें पांच जून को सेमीफाइनल खेलेंगी जबकि फाइनल छह जून को होगा।