Trending

नौशीन के 7 गोल, भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपने अंतिम पूल-ए मैच में सिंगापुर को 25-0 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। जापान के काकामिगाहारा में खेली गई इस एकतरफा जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण का समापन तीनों मैच जीतकर किया और सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

भारतीय टीम के लिए नौशीन नाज़ सबसे बड़ी स्टार रहीं। उन्होंने शानदार सात गोल दागे। वहीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गई गीताश्री नम्मी ने पांच गोल किए। कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

प्रियंका मिंज ने हैट्रिक लगाई, दीया, नैन्सी सरोहा, श्रुति कुमारी, पुष्पा मांझी, रश्मीन कौर और संदीपा कुमारी ने भी गोल दागकर जीत को ऐतिहासिक बना दिया। भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। दूसरे मिनट में कप्तान स्वीटी ने पहला गोल किया। इसके बाद नौशीन और गीताश्री ने लगातार हमले करते हुए सिंगापुर की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

@TheHockeyIndia

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा और हाफ टाइम तक टीम ने बड़ा अंतर बना लिया। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने गोलों की झड़ी लगाते हुए मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। भारत ने इससे पहले मलेशिया, कोरिया और सिंगापुर को हराया और नौ अंकों के साथ पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब टीम के सेमीफाइनल प्रतिद्वंद्वी का फैसला पूल-बी के मुकाबलों के बाद होगा।