Trending

आयुष शेट्टी शानदार कमबैक के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में, सात्विक-चिराग चोट के चलते बाहर

युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए बुधवार को यहां इंडोनेशिया ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष युगल जोड़ी मैच के दौरान ही चोट के कारण बाहर हो गई।

दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर में दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी चीन के होंग येंग चेंग को 8-21, 22-20, 21-15 से हराया। पहले गेम में करारी हार झेलने के बाद 21 वर्षीय आयुष ने दूसरे गेम में 11-15 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और मुकाबले को तीसरे तथा निर्णायक गेम तक पहुंचाया।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष ने तीसरे और निर्णायक गेम में पूरी तरह दबदबा बनाते हुए मैच अपने नाम किया और दूसरे दौर में प्रवेश किया। अब उनका सामना हांगकांग के ली च्युक यू से होगा।

Picture Credit – Badminton Photo

वहीं, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी को पुरुष युगल के पहले दौर के मुकाबले से महज सात मिनट बाद ही हटना पड़ा। सात्विक के कंधे में चोट लगने के कारण भारतीय जोड़ी मुकाबला जारी नहीं रख सकी।

मलेशिया के केंग खाइ शिंग और आरोन टाइ की जोड़ी के खिलाफ भारतीय जोड़ी जब 6-11 से पीछे चल रही थी, तभी सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया। इसके बाद मुकाबला रोक दिया गया और भारतीय जोड़ी ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही सात्विक और चिराग ने सिंगापुर ओपन का खिताब जीतकर दो वर्षों में अपना पहला खिताब हासिल किया था।

पुरुष एकल वर्ग में एचएस प्रणय को पहले दौर में ही आयरलैंड के एनहाट एनगुएन के खिलाफ तीन गेम तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। प्रणय ने पहला गेम 17-21 से गंवाया, लेकिन दूसरे गेम में 21-16 की जीत के साथ शानदार वापसी की। हालांकि, तीसरे और निर्णायक गेम में उन्हें 19-21 से हार झेलनी पड़ी और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुतविका गड्डे की दुनिया की 41वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे के पो सुआन येंग और लिंग फेंग हू की जोड़ी को 21-14, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।