हैमस्ट्रिंग चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता, अफगानिस्तान वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे विराट
टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से होनी है।
कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं और इसी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें यह चोट कब और कहां लगी।
हालांकि माना जा रहा है कि विराट कोहली रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंसके बीच खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान चोटिल हुए थे। कोहली की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए दोहरा झटका मानी जा रही है।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा भी चोट से जूझ रहे हैं और उनके वनडे सीरीज में खेलने को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को वनडे टीम में शामिल किया गया है, लेकिन दोनों खिलाड़ियों को सीरीज से पहले फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा।
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में होगा। वहीं, तीसरे और अंतिम वनडे की मेजबानी चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम करेगा, जहां यह मुकाबला 20 जून को खेला जाएगा।
आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। कोहली ने 16 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 675 रन बनाए। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और टीम को चैंपियन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ा, जो उन्होंने महज 25 गेंदों में पूरा किया। इसके अलावा, उन्होंने विजयी छक्का लगाकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।