Trending

क्या भारतीय कप्तानों पर लगा है ‘आईसीसी ट्रॉफी शाप’? रोहित से सूर्या तक एक जैसी कहानी

किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने देश की टीम का प्रतिनिधित्व करे। देश के लिए खेलने के बाद उसकी अगली इच्छा टीम का कप्तान बनने की होती है और कप्तान बनने के बाद वह चाहता है कि अपनी टीम को आईसीसी ट्रॉफी जिताए।

लेकिन अगर कोई कप्तान टीम को ट्रॉफी जिताने के बाद अपनी कप्तानी ही गंवा दे, तो इसे आप क्या कहेंगे? क्या इसे एक तरह का “शाप” कहना गलत होगा? क्योंकि भारतीय टीम के साथ लगातार तीसरे साल ऐसा होता नजर आ रहा है कि जिस कप्तान ने टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी जिताई, वह अगले ही मैच में कप्तान नहीं रहा।

दरअसल, इसकी शुरुआत 2024 के टी20 विश्व कप से हुई थी। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इसके बाद भारत ने जो अगला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला, उसमें रोहित शर्मा कप्तान नहीं थे। हालांकि इसके पीछे वजह यह थी कि उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इस मामले को थोड़ा अलग रखा जा सकता है, लेकिन 2025 में भी रोहित शर्मा के साथ कुछ ऐसा ही देखने को मिला।

साभार : गूगल

रोहित शर्मा ने भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताई, लेकिन अगले ही वनडे मैच में वह कप्तान नहीं थे। बीसीसीआई ने उनसे वनडे टीम की कप्तानी लेकर शुभमन गिल को सौंप दी थी। हालांकि रोहित शर्मा अभी भी वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद उनसे कप्तानी छिन गई।

अब कुछ ऐसा ही सूर्यकुमार यादव के साथ होता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स पर भरोसा करें तो सूर्यकुमार यादव से भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी छिन गई है। इस तरह आईसीसी ट्रॉफी जिताने के बाद कप्तानी गंवाने का यह कथित “शाप” शायद सूर्या को भी लग गया है।

यहाँ तक कहा जा रहा है कि भले ही सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताया हो और बीसीसीआई की ट्रॉफी कैबिनेट में एक और आईसीसी खिताब जोड़ा हो, लेकिन अगले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वह कप्तान नहीं होंगे। इतना ही नहीं, टीम में उनकी जगह भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।

ऐसे में अब शायद कोई भी खिलाड़ी यह नहीं चाहेगा कि वह कप्तान बने, टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी जिताए और फिर कप्तानी से ही हाथ धो बैठे। फिलहाल यह एक अलग ही चर्चा का विषय बन गया है। माना जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव की जगह ऐसा खिलाड़ी कप्तानी संभाल सकता है, जिसने पिछले ढाई से तीन वर्षों से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। वहीं, टीम इंडिया का उपकप्तान भी बदले जाने की संभावना जताई जा रही है।