Trending

विश्व नंबर-1 के आगे फिर नहीं चली सिंधु की चुनौती, प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर हुईं बाहर

स्टार भारतीय खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का इंडोनेशिया ओपन 2026 में सफर समाप्त हो गया। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-एक और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एन से यंग ने सीधे गेम में 21-17, 21-14 से हराया। यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब सिंधु को एन से यंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।

जकार्ता में खेले गए मुकाबले में पीवी सिंधु ने कुछ मौकों पर शानदार खेल दिखाया, लेकिन वह उसे पूरे मैच में बरकरार नहीं रख सकीं। दक्षिण कोरिया की स्टार खिलाड़ी एन से यंग ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर नियंत्रण दिखाते हुए 21-17, 21-14 से जीत दर्ज की।

सिंधु को पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी एन से यंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में यह लगातार दूसरा टूर्नामेंट है, जिसमें दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी ने भारतीय स्टार की चुनौती खत्म की है।

साभार : गूगल

इस हार के साथ सिंधू का एन से यंग के खिलाफ रिकॉर्ड और निराशाजनक हो गया है। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक हुए मुकाबलों में सिंधु को लगातार 10वीं हार झेलनी पड़ी है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि भारतीय खिलाड़ी अभी तक विश्व नंबर-एक के खिलाफ एक भी मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सकी हैं।

पिछले कुछ वर्षों में चोटों और फॉर्म में उतार-चढ़ाव से जूझ रही सिंधु के लिए यह सीजन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि इंडोनेशिया ओपन में उनका अभियान जल्दी समाप्त हो गया, लेकिन आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में वह वापसी की उम्मीद के साथ उतरेंगी। दूसरी ओर, एन से यंग ने एक बार फिर साबित किया कि वह मौजूदा समय में महिला बैडमिंटन की सबसे मजबूत खिलाड़ियों में से एक हैं।