Trending

हर्ष और मानव पर कुलदीप को भरोसा, बोले- मौके का पूरा फायदा उठाएंगे

किसी भी टीम में सीनियर खिलाड़ी की जिम्मेदारी अधिक होती है और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव इसे अच्छी तरह समझते हैं। हालांकि, वह एक पारंपरिक मेंटोर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभाने के बजाय अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले युवा खिलाड़ियों मानव सुथार और हर्ष दुबे के लिए एक ‘सहयोगी’ के रूप में नजर आ रहे हैं।

कुलदीप चाहते हैं कि नए खिलाड़ी टीम में सहज महसूस करें और जरूरत पड़ने पर उनसे सलाह लेने में कोई संकोच न करें। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच शनिवार से शुरू होगा।

कुलदीप ने एक समाचार एजेंसी से कहा, “जब भी कोई नया खिलाड़ी टीम में आता है, तो आपकी जिम्मेदारी होती है कि आप उसे सहज महसूस कराएं। हम चाहते हैं कि वह आपको एक सहयोगी के रूप में देखे। उसके लिए ऐसा माहौल तैयार किया जाना चाहिए कि यदि उसे किसी भी तरह की समस्या हो, तो वह आपसे बात करने में झिझक महसूस न करे। आपको उसकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।”

© AFP

एक साक्षात्कार में कुलदीप ने कहा, “अभी दो-तीन युवा खिलाड़ी टीम से जुड़े हैं और उनका साथ पाकर अच्छा लग रहा है।” उन्होंने कहा कि नए खिलाड़ियों को टीम में घुलने-मिलने में मदद करने का सबसे अच्छा तरीका उनसे प्रासंगिक सवाल पूछना और खेल के बारे में उनकी समझ को जानना है।

कुलदीप ने कहा, “हम एक टीम के रूप में, खासकर परिस्थितियों को लेकर, खुलकर बातचीत करते हैं। मैं युवा खिलाड़ियों से पिच की प्रकृति, मौसम की स्थिति और मैच से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में सवाल पूछता हूं।” भारत के लिए अब तक तीनों प्रारूपों में 365 विकेट ले चुके इस गेंदबाज ने कहा, “हमारी बातचीत अधिकतर रणनीति, गेंदबाजी की लेंथ, किसी खास पिच पर गेंद की गति और टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों के धैर्य पर केंद्रित होती है। टेस्ट क्रिकेट में धैर्य का बहुत महत्व होता है।”

यदि कुलदीप शनिवार से शुरू होने वाले अफगानिस्तान के खिलाफ इस एकमात्र टेस्ट मैच में खेलते हैं, तो उनके करियर में यह पहली बार होगा जब उनके साथ न तो रविचंद्रन अश्विन होंगे, जो अब संन्यास ले चुके हैं, और न ही रवींद्र जडेजा, जिन्हें आराम दिया गया है।

कुलदीप ने स्वीकार किया कि इस मैच में जडेजा और यहां तक कि अक्षर पटेल की कमी भी महसूस होगी, लेकिन उन्होंने विश्वास जताया कि मानव सुथार और हर्ष दुबे इस अवसर का पूरा फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा, “जड्डू भाई (रवींद्र जडेजा) टीम में नहीं हैं। वह नियमित टेस्ट खिलाड़ी हैं। टेस्ट मैच में हमें अक्षर पटेल की कमी भी खलेगी। लेकिन हमारी तैयारियां अच्छी चल रही हैं।”

कुलदीप ने आगे कहा, “टीम में कुछ युवा खिलाड़ी हैं, जैसे हर्ष और मानव। वाशिंगटन सुंदर भी नियमित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। दुबे और मानव भारत ए का हिस्सा रहे हैं। वे रणजी ट्रॉफी के अलावा दलीप ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं।” उन्होंने कहा, “उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव भले ही कम हो, लेकिन जब तैयारी, मैच की समझ और लाल गेंद के क्रिकेट की बात आती है, तो वे काफी अच्छी स्थिति में हैं, क्योंकि वे इस प्रारूप में नियमित रूप से खेलते रहे हैं।”