Trending

‘ऑफ-साइड में ज्यादा खेलो’— ऋषभ पंत को बचपन के कोच की खास सलाह

ऋषभ पंत के बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को आड़े शॉट खेलने से बचने और ऑफ-साइड में अधिक बल्लेबाजी करने की सलाह दी है।

पंत के लिए आईपीएल का लगातार दूसरा सीजन निराशाजनक रहा, जिसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी। अब वह भारत के लिए केवल टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं, जहां हाल ही में उन्हें उपकप्तानी के पद से भी हटा दिया गया था।

शर्मा ने एक समाचार एजेंसी से कहा, “वह जरूरत से ज्यादा प्रयास कर रहा है और बहुत अधिक आड़े शॉट खेल रहा है। वह खुद पर अनावश्यक दबाव बना रहा है। उसे अधिक सीधे शॉट खेलने चाहिए, इससे उसे ज्यादा सफलता मिलेगी।”

साभार : गूगल

उन्होंने कहा, “जब मैंने उससे आखिरी बार बात की थी, तब मैंने उसे फॉर्म में वापसी के लिए ज्यादा से ज्यादा सीधे शॉट खेलने की सलाह दी थी। जब आप रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे होते हैं, तो आपको अपने बुनियादी खेल (बेसिक्स) पर ध्यान देना चाहिए।”

पंत अब शनिवार से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलते हुए नजर आएंगे। शर्मा ने कहा, “मैं उसे थोड़ा अलग अंदाज में खेलने और अलग रणनीति अपनाने की सलाह दूंगा, क्योंकि टेस्ट और टी20 क्रिकेट में काफी अंतर होता है।

पिछली बार जब उसने भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था, तब उसने मैच जिताने वाली पारी खेली थी। मुझे पूरा विश्वास है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ भी वैसा ही प्रदर्शन करेगा।” उन्होंने आगे कहा, “उसे संयमित आक्रामकता दिखानी चाहिए। उसे ऑन-साइड की अपेक्षा ऑफ-साइड में अधिक खेलना चाहिए।”