Trending

क्वालिफायर बनकर आईं, फाइनलिस्ट बनकर छाईं! माजा च्वालिंस्का का ऐतिहासिक कारनामा

पोलैंड की टेनिस खिलाड़ी माजा च्वालिंस्का ने फ्रेंच ओपन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला एकल सेमीफाइनल में रूस की डायना श्नाइडर को सीधे सेटों में 7-6(4), 6-4 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई।

इसके साथ ही वह रोलां गैरो (फ्रेंच ओपन) के इतिहास में महिला एकल फाइनल तक पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं। विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज च्वालिंस्का ने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल नौ मुकाबले जीते हैं।

इनमें तीन मैच क्वालिफाइंग दौर के और छह मुकाबले मुख्य ड्रॉ के शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ वह ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम फाइनल तक पहुंचने वाली केवल दूसरी क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह उपलब्धि ब्रिटेन की एम्मा राडुकानू ने 2021 यूएस ओपन में हासिल की थी, जहां उन्होंने खिताब भी अपने नाम किया था।

साभार : गूगल

सेमीफाइनल मुकाबले में च्वालिंस्का ने अपने बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने स्पिन, गति और शॉट्स की दिशा में लगातार बदलाव करते हुए श्नाइडर पर दबाव बनाए रखा। उनकी शानदार फिटनेस, तेज मूवमेंट और मजबूत डिफेंस ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। च्वालिंस्का और श्नाइडर के बीच खेला गया यह मुकाबला दो घंटे 10 मिनट तक चला।

जीत के बाद च्वालिंस्का भावुक नजर आईं और कोर्ट पर ही बैठ गईं। उन्होंने कहा, “यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि मैंने क्या हासिल किया है। मैं बहुत खुश हूं और शब्दों में अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर सकती।”

इस उपलब्धि के साथ च्वालिंस्का एक और विशिष्ट सूची में शामिल हो गई हैं। वह इवोन गूलागोंग (1971) और क्रिस एवर्ट (1973) के बाद रोलां गैरो के मुख्य ड्रॉ में अपने पहले ही अभियान में फाइनल तक पहुंचने वाली केवल तीसरी महिला खिलाड़ी बनी हैं।

अब खिताबी मुकाबले में च्वालिंस्का का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी, ऐसे में फाइनल के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

फाइनल से पहले च्वालिंस्का ने कहा, “मैं यहां पहले ही नौ मैच खेल चुकी हूं, इसलिए मुझे कोर्ट की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। मैंने मीरा का खेल भी देखा है और वह शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और मैं फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगी।”