डायमंड लीग में सचिन यादव का फीका पदार्पण, पथिरागे ने 92.62 मीटर के साथ जीता खिताब
भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव डायमंड लीग में पदार्पण के दौरान अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और आठवें स्थान पर रहे, जबकि श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने अपने करियर में पहली बार 90 मीटर का प्रतिष्ठित आंकड़ा पार करते हुए खिताब अपने नाम किया।
सचिन केवल 79.18 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो ही कर सके, जो उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 86.27 मीटर से काफी कम रहा। उन्होंने यह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पिछले वर्ष टोक्यो विश्व चैंपियनशिप में किया था, जहां वह चौथे स्थान पर रहे थे। इस सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 81.95 मीटर का रहा है।
सचिन ने प्रतियोगिता की शुरुआत फाउल थ्रो से की। इसके बाद उन्होंने अपने अगले चार प्रयासों में क्रमशः 79.18 मीटर, 77.02 मीटर, 76.62 मीटर और 75.54 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। पांच प्रयासों के बाद वह आठवें स्थान पर थे। नियमों के अनुसार, पांचवें राउंड के बाद केवल शीर्ष तीन खिलाड़ी ही अपना छठा और अंतिम थ्रो कर सकते हैं।

पथिरागे ने अपने दूसरे प्रयास में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो कर खिताब जीत लिया। ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन और 2024 पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता एंडरसन पीटर्स 83.91 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन 83.89 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।