Trending

मोदी के सलाहकार तरुण कपूर का कार्यकाल बढ़ा, हिमाचल कैडर के हैं रिटायर्ड IAS

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : प्रधानमंत्री कार्यालय ( PMO ) में प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी तरुण कपूर प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री के सलाहकार के पद पर बने रहेंगे। उनका कार्यकाल 10 जून 2026 से आगे एक वर्ष के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, बढ़ाया गया है। उन्हें भारत सरकार के सचिव स्तर के समकक्ष पद और सुविधाएं मिलती रहेंगी।

यह आदेश कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से 4 जून 2026 को जारी किया गया। तरुण कपूर हिमाचल प्रदेश कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनका कार्यकाल अब 10 जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है। दरअसल, पीएम मोदी के सलाहकार तरुण कपूर 1987 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं। तरुण कपूर को साल 2022 के मई महीने में इस पद पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद जब जून 2024 में उनका कार्यकाल खत्म होने वाला था, तब कार्यकाल को 2 साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया।

पीएमओ में ज्वाइन करने से पहले तरुण कपूर ने नवंबर 2021 तक पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सेक्रेट्री के तौर पर काम किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ उनका निरंतर जुड़ाव, उनके प्रशासनिक अनुभव और नीतिगत विशेषज्ञता पर सरकार के भरोसे को दर्शाता है।