केएल राहुल का बल्ला बोला, टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी
अफगानिस्तान और भारत के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन ही सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार शतकीय पारी खेली है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना 12वां शतक जड़ा है।
इसी के साथ दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रोहित ने भी अपने टेस्ट करियर में कुल 12 शतक जड़े थे। अब केएल राहुल ने भी टेस्ट क्रिकेट में उनके ही बराबर शतक ठोक दिए हैं।
केएल राहुल ने 26 दिसंबर 2014 को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उसके बाद उनकी टीम में जगह बनती और जाती रही। 2014 से लेकर अब तक उन्होंने कुल 68 टेस्ट मैच खेले हैं जिसकी 119 पारियों में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिला है।

इस दौरान उन्होंने 36.58 की औसत और 52.02 की स्ट्राइक रेट के साथ कल 4134 रन बनाए हैं। आज केएल राहुल अपना 69वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं और उन्होंने 120वीं पारी में शतक जड़ दिया है। इस तरह उनके शतकों की संख्या अब 12 हो गई है और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है।
टेस्ट क्रिकेट में केएल राहुल का सर्वोच्च स्कोर 199 रन रहा है। उन्होंने 12 शतकों के अलावा टेस्ट क्रिकेट में 21 अर्धशतक भी जड़े हैं। रोहित शर्मा के टेस्ट करियर की बात की जाए तो उन्होंने अपने करियर में कुल 67 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 116 पारियों में 40.58 की औसत और 57.6 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 4301 रन बनाए।
टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा का सर्वोच्च स्कोर 212 रन रहा। उन्होंने अपने करियर में कल 12 शतक लगाए, जिसकी आज केएल राहुल ने बराबरी कर ली है। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में 18 अर्धशतक भी लगाए हैं। आज के मैच में शतक पूरा होते ही केएल राहुल ने सिर्फ रोहित शर्मा की बराबरी नहीं की है, बल्कि उन्होंने पीआर अमरीगर, मुरली विजय, अजिंक्य रहाणे, अमरनाथ जैसे खिलाड़ियों की भी बराबरी कर ली है।