वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचा। आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे तथा एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में चयनित होने के साथ ही वे राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने 36 वर्ष पुराना वह रिकॉर्ड तोड़ा, जो महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 वर्ष की आयु में भारत के लिए पदार्पण किया था और उनका यह रिकॉर्ड लंबे समय तक कायम रहा।
बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने केवल प्रभाव नहीं छोड़ा, बल्कि पूरे सत्र में अपना दबदबा कायम रखा।

राजस्थान रॉयल्स से खेलते हुए वैभव ने सत्र के बाद दिए जाने वाले पुरस्कारों में भी शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने सर्वाधिक मूल्यवान खिलाड़ी, सत्र के उभरते खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ प्रहारक, सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी और सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी जैसे कई बड़े सम्मान अपने नाम किए।
इस बल्लेबाज ने पूरे सत्र में 776 रन बनाए और 237.30 की अद्भुत प्रहार दर दर्ज की। उन्होंने रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए और कई पुराने आईपीएल रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने पूरे देश में शीर्ष स्तर के गेंदबाजी आक्रमणों के खिलाफ प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए टी-20 में नए मानक स्थापित किए और भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में अपनी जगह मजबूत की।
भारतीय टीम 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मुकाबले खेलेगी। इसके बाद 01 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर पांच टी-20 मैचों की श्रृंखला होगी।
A maiden #TeamIndia call-up at the age of 1️⃣5️⃣ 🌟
Congratulations to Vaibhav Sooryavanshi on setting a remarkable record 👏 pic.twitter.com/htOt9kci4p
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक टी-20 प्रारूप में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, मलेशिया, हांगकांग और ओमान की टीमें स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
प्रतियोगिता की शुरुआत 24 से 26 सितंबर तक प्रारंभिक चरण से होगी। 28 एवं 29 सितंबर को क्वार्टर फाइनल, 01 अक्टूबर को सेमीफाइनल तथा 03 अक्टूबर को कांस्य पदक मुकाबला और स्वर्ण पदक फाइनल खेला जाएगा।