126 रन की कप्तानी पारी से गिल ने रचा इतिहास, ब्रैडमैन की सूची में शामिल
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के विशेष क्लब में अपनी जगह बना ली है। मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में गिल ने शानदार शतक जड़ते हुए 126 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इस पारी के दौरान शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 1000 रन का आंकड़ा भी छू लिया। उन्होंने यह उपलब्धि 82.8 की शानदार औसत के साथ हासिल की है। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 1000 या उससे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में सबसे ऊंचे औसत के मामले में डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 1000 से अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में डॉन ब्रैडमैन और शुभमन गिल ही ऐसे दो कप्तान हैं, जिनका बल्लेबाजी औसत 75 से अधिक है। गिल का औसत 82.8 है, जबकि ब्रैडमैन का औसत 101.5 रहा है।

वहीं, कुमार संगकारा, स्टीव स्मिथ और महेला जयवर्धने जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी इस सूची के शीर्ष पांच कप्तानों में शामिल हैं, लेकिन इनमें से किसी का भी औसत 70 से अधिक नहीं है।
कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट बैटिंग औसत (1000+ रन)
डॉन ब्रैडमैन- 101.5
शुभमन गिल- 82.8
कुमार संगाकारा – 69.6
स्टीवन स्मिथ- 68.1
महेला जयवर्धने- 59.1