खिताबी सूखा खत्म करने उतरेगी सिंधु, ऑस्ट्रेलिया ओपन में भारत की बड़ी उम्मीद
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु मंगलवार से यहां शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में लंबे समय से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को समाप्त करने के इरादे से उतरेंगी, जबकि उभरते हुए स्टार आयुष शेट्टी पुरुष एकल में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।
तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीतने के बाद अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब हासिल करने की कोशिश में हैं। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु का इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जनवरी में मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना रहा है।
सिंधु को इस टूर्नामेंट में अपेक्षाकृत अनुकूल ड्रॉ मिला है। 30 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी अपने अभियान की शुरुआत पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो के खिलाफ करेंगी। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने पर उनका सामना हमवतन इशारानी बरुआ और चीन की हान कियान शी के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन में सिंधु राउंड-ऑफ-16 तक पहुंची थीं, जहां उन्हें विश्व नंबर एक खिलाड़ी आन से-यंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। यदि सिंधु सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहती हैं, तो वहां उनका सामना जापान की विश्व नंबर तीन खिलाड़ी अकाने यामागुची से हो सकता है। वहीं, फाइनल में उनका मुकाबला थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से होने की संभावना है।
महिला एकल वर्ग में तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त चियू पिन-चियान से होगा, जबकि मालविका बंसोड़ का मुकाबला मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। वहीं, अनमोल खरब को जापान की पूर्व विश्व चैंपियन और चौथी वरीयता प्राप्त नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
आकर्षी कश्यप का मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा, जबकि तान्या हेमंत अमेरिका की इशिका जायसवाल के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी। पुरुष एकल में विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज और टूर्नामेंट की छठी वरीयता प्राप्त आयुष शेट्टी अपने पहले मुकाबले में एक क्वालीफायर खिलाड़ी से भिड़ेंगे।
अनुभवी भारतीय शटलर एचएस प्रणय का सामना इंडोनेशिया के मोहम्मद जाकी उबा से होगा, जबकि किरण जॉर्ज पहले दौर में मलेशिया के जस्टिन होह के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे।
पुरुष युगल में हाल ही में इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली हरिहरन अमसाकरुनन और एमआर अर्जुन की भारतीय जोड़ी को पहले दौर में चीनी ताइपे के ली फांग-चिह और ली फांग-जेन की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।