Trending

भारत के सबसे युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की गूंज, बैटिंग कोच ने बांधे तारीफों के पुल

15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी कुछ ही हफ्तों में भारत की सीनियर टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद सूर्यवंशी को आयरलैंड, इंग्लैंड टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स के लिए भारतीय स्क्वॉड में चुना गया है। सूर्यवंशी के सिलेक्शन पर टीम इंडिया ने रिएक्ट किया है।

भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक युवा सनसनी के साथ काम करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कोटक ने बाएं के बल्लेबाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि सूर्यवंशी में जबर्दस्त टैलेंट है। सूर्यवंसी ने आईपीएल के 19वें सीजन में 16 मैचों में 237.31 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। उन्होंने ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर समेत पांच दमदार अवॉर्ड जीते थे।

सूर्यवंशी टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस समय उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी।

साभार : गूगल

कोटक ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में पारी और 300 रनों से जीत के बाद रिपोर्टर्स से कहा, ”देखिए, एक बैटिंग कोच या किसी भी कोच के तौर पर यह हमेशा एक चैलेंज होता है क्योंकि इस लेवल पर खिलाड़ियों की अपनी सोच, अपना स्टाइल, अपना तरीका होता है जिससे वे सफल हुए हैं।

और फिर आप कुछ जोड़ने की कोशिश करते हैं तो इसमें हमेशा समय लगता है। उन्हें यकीन दिलाने के लिए हमेशा भरोसे की जरूरत होती है। और मेरे लिए यह बहुत जरूरी है कि आप कितना जोड़ना चाहते हैं और कब जोड़ना चाहते हैं।” उन्होंने आगे कहा, ”मैंने अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में कुछ पारी देखी हैं। लेकिन उसने पिछले साल के आईपीएल से जिस तरह से बैटिंग की, जिस तरह से शॉट्स खेले, सच कहूं तो यह वाकई रोमांचक है।

15 साल के खिलाड़ी ने सभी वर्ल्ड-क्लास बॉलर्स का जिस तरह से सामना किया और जिस तरह से सफल हुआ, वो अविश्वसनीय है। वह बहुत प्रतिभाशाली है।” हालांकि, कोटक किसी पहले से बनी सोच के साथ आगे नहीं बढ़ रहे वह पहले यह पता लगाना चाहेंगे कि असल में सूर्यवंशी को क्या चीज मदद करती है।

उन्होंने कहा, ”मैं सच में उत्साहित हूं। व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि उसके आने के बाद देखेंगे कि असल में उसे क्या मदद करता है। जब कुछ देखेंगे तो हम उसकी उतनी ही मदद करने की कोशिश करेंगे जितनी उसे जरूरत है।” भारत को 26 जून से आयरलैंड में दो टी20 मैच खेलने हैं। एक जुलाई से इंग्लैंड में पांच टी20 मैचों की सीरीज आयोजित होगी।