Trending

पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा की चमक, ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में पांच भारतीय

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु की अगुआई में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने बुधवार को यहां ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने बड़ा उलटफेर करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु, तन्वी शर्मा, मालविका बंसोड, ईशारानी बरुआ और तान्या हेमंत ने महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में जगह बना ली। हालांकि भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा। किरण जॉर्ज, थारुन मान्नेपल्ली और क्वालीफायर सनीथ दयानंद पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

सिंधु ने महिला एकल के पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार को सिर्फ 32 मिनट में 21-13, 21-11 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अब उनका सामना हमवतन ईशारानी बरुआ से होगा। ईशारानी ने एक घंटे तीन मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में चीन की हान कियान को 22-20, 10-21, 21-14 से मात दी।

साभार : गूगल

दिन का सबसे बड़ा उलटफेर 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने किया। उन्होंने पांचवीं वरीयता प्राप्त और दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को 45 मिनट में 21-12, 22-20 से हराया। दुनिया की 36वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी अब अगले दौर में साथी भारतीय खिलाड़ी मालविका बंसोड से भिड़ेंगी। मालविका ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए थाईलैंड की तोंरुंग सेहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से पराजित किया।

तान्या हेमंत ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 39 मिनट में 21-17, 21-18 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त और दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।

पुरुष एकल में किरण जॉर्ज को मलेशिया के जस्टिन हो के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। एक घंटा दो मिनट तक चले इस मैच में किरण 19-21, 21-14, 15-21 से पराजित हुए। क्वालीफायर सनीथ दयानंद भी चीन के हू झिआन के खिलाफ सिर्फ 35 मिनट में 8-21, 10-21 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

थारुन मान्नेपल्ली ने दूसरे वरीय और दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन यी को कड़ी टक्कर दी और उलटफेर के बेहद करीब पहुंच गए थे। हालांकि एक घंटा 20 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में उन्हें 21-18, 13-21, 23-25 से हार झेलनी पड़ी।

मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और मनीषा के की भारतीय जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के लिन जेडन और विक्टोरिया जोनाडी को 27 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। मोहित जगलान और लक्षिता जगलान की जोड़ी को चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी गुओ शिन वा और चेन फेंग हुइ के खिलाफ सिर्फ 20 मिनट में 6-21, 5-21 से हार का सामना करना पड़ा।