Trending

भारतीय नौसेना ने कोच्चि के पास एक मर्चेंट टैंकर से बिना फटे मिसाइल वॉरहेड को सुरक्षित ढंग से बरामद किया

नई दिल्ली ( पल्लवी श्रीवास्तव) : भारतीय नौसेना ने कच्चे तेल के टैंकर ‘एमटी ओलंपिक लाइफ’ से बिना फटे मिसाइल वॉरहेड को सुरक्षित रूप से निकालने का जटिल और संवेदनशील अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया है।

मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले इस टैंकर में कोई भी भारतीय नागरिक सवार नहीं था। यह पोत संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था, लेकिन 26 मई, 2026 को ओमान के तट के पास इसके ढांचे में विस्फोट की घटना सामने आई।

विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की सूचना दी गई थी। इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर–इंडियन ओशन रीजन’ (आईएफसी-आईओआर) से सूचना प्राप्त होने के बाद भारतीय नौसेना ने समन्वित कार्रवाई शुरू की। कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान ने विस्तृत जांच के लिए विशेष ‘एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल’ (ईओडी) टीम तैनात की। जांच के दौरान दल ने पुष्टि की कि एक प्रोजेक्टाइल जहाज के ढांचे को भेदते हुए कई संरचनात्मक हिस्सों से होकर गुजर गया था और अंततः एक ईंधन टैंक के भीतर फंस गया था।

ईओडी टीम ने फ्यूल स्टोरेज कम्पार्टमेंट में बिना फटे मिसाइल वॉरहेड की मौजूदगी से उत्पन्न संभावित खतरे को देखते हुए जहाज, उसके चालक दल और आसपास के बंदरगाह ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक एवं चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

ईओडी टीम ने सुरक्षा संबंधी सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उन्नत डायग्नोस्टिक तकनीकों की मदद से वॉरहेड के विस्फोटक तंत्र की पहचान की और उसे निष्क्रिय किया। इसके बाद वॉरहेड तथा उससे जुड़े मलबे को सुरक्षित रूप से हटा लिया गया।