Trending

श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की उच्च स्तरीय बैठक जारी 

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के महानिदेशक उपस्थित हैं। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को समाप्त होगी।

बैठक में प्रदेश में नार्को टेरर, नशा विरोधी अभियान और आतंकी फंडिंग-भर्ती के खिलाफ जारी अभियान पर भी मंथन होगा। बता दें कि सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा बैठक पहले आठ जून को थी, लेकिन गृहमंत्री की व्यस्तता के चलते स्थगित कर 12 जून को बैठक बुलाने का निर्णय लिया था।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा का रखा जाएगा ख्याल :

इसमें सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, आवास, संचार सुविधाएं तथा तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। इस वर्ष पर्यटकों की रिकॉर्ड संख्या और अमरनाथ यात्रा के लिए बढ़ते पंजीकरण को देखते हुए श्रद्धालुओं की भारी आमद की संभावना है। यात्रा की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार ने 670 अर्धसैनिक बल कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी है, जिनकी जम्मू-कश्मीर में तैनाती शुरू हो चुकी है।

बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आइटीबीपी, एसएसबी तथा खुफिया ब्यूरो के शीर्ष अधिकारी और सेना के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। बता दें कि यात्रा की सुरक्षा को लेकर प्रदेश में भी सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर बैठकों और दौरे तेज हो गए हैं।

वहीं, मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार और आईजीपी जम्मू भीम सेन टूटी ने सोमवार को रामबन का दौरा कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नाशरी से बनिहाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को चार लेन बनाने के प्रोजेक्ट की प्रगति का आकलन किया।