Trending

भारत-पाक मुकाबले ने रचा इतिहास, महिला टी20 वर्ल्ड कप में टूटा दर्शकों का रिकॉर्ड

आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप का छठा ग्रुप फेज का मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। दोनों के बीच गहरी प्रतिद्वंदिता कही जाती है, लेकिन इसमें भारत बहुत आगे है। फैंस भी इस मुकाबले को देखने के लिए उमड़ते हैं और इसी के चलते फैंस ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी बनवा दिया है।

दरअसल, आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के लीग या ग्रुप फेज के मैच में कभी भी इतने ज्यादा दर्शक मुकाबला देखने नहीं पहुंचे, जितने इस इंडिया बनाम पाकिस्तान वर्ल्ड कप मैच के लिए पहुंचे हैं। यहां तक कि पहले भी यह रिकॉर्ड इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के ही नाम दर्ज था।

साभार : गूगल

दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 6 अक्टूबर 2024 को भारत बनाम पाकिस्तान मैच में 15935 दर्शकों की उपस्थिति दर्ज हुई थी, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी ग्रुप फेज के मैच में सबसे ज्यादा थी।

वहीं, बर्मिंघम के एजबेस्टन में इससे भी ज्यादा दर्शकों ने स्टेडियम में बैठकर मैच देखा और एक नया इतिहास लिखा गया। इंडिया बनाम पाकिस्तान महिला टी20 वर्ल्ड कप के मैच को देखने के लिए 18814 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। यह महिला टी-20 वर्ल्ड कप के किसी भी ग्रुप स्टेज मैच में अब तक का सबसे ज्यादा स्कोर दर्शकों के लिहाज से है। इस तरह दुबई में दो साल पहले बना रिकॉर्ड इंग्लैंड में जाकर चकनाचूर हो गया है। इससे इस बात की तस्दीक भी होती है कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच को देखने के लिए दर्शक लालायित रहते हैं।

मैच की बात करें तो लगभग हर बार की तरह इस बार भी मुकाबला एकतरफा ही नजर आया। टीम इंडिया ने 170 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। पाकिस्तान 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 106 रनों पर ढेर हो गई और मुकाबला 64 रनों के अंतर से हार गई।

टूर्नामेंट के इतिहास में पाकिस्तान की महिला टीम की यह 7वीं हार भारत के खिलाफ है। इस मैच की हीरो दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने कुछ रन बनाए, एक रन आउट किया और पांच विकेट अपने नाम किए। इसी मैच में वह टी20 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। भारत का दूसरा मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड के खिलाफ है।