Trending

अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा रचेंगे इतिहास, पीछे छूटेगा द्रविड़ का रिकॉर्ड

लखनऊ: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में जैसे ही मैदान पर उतरेंगे, उनके नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। यह मैच उनके करियर का 510वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा, जिसके साथ वह पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे।

रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ दोनों अब तक 509-509 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ उतरते ही रोहित द्रविड़ से आगे निकल जाएंगे और भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वालों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

पहले वनडे में रोहित रन आउट होकर बड़ी पारी नहीं खेल सके थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में लय दिखी थी। हाल के समय में फिटनेस को लेकर चर्चाओं में रहे रोहित अब पूरी तरह फिट हैं और दूसरे मैच में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

फाइल फोटो साभार : गूगल

इस सूची में सचिन तेंदुलकर सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके बाद विराट कोहली (559) और महेंद्र सिंह धोनी (538) का नाम आता है। रोहित के 510वें मैच के साथ यह टॉप-5 इस तरह हो जाएगा—सचिन, कोहली, धोनी, रोहित और द्रविड़।

भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी:
1. सचिन तेंदुलकर – 664
2. विराट कोहली – 559
3. महेंद्र सिंह धोनी – 538
4. राहुल द्रविड़ – 509
5. रोहित शर्मा – 509 (510वें मैच के साथ चौथे स्थान पर)
6. मोहम्मद अजहरुद्दीन – 433
7. सौरव गांगुली – 424
8. युवराज सिंह – 402
9. अनिल कुंबले – 401
10. रविंद्र जडेजा – 373
11. हरभजन सिंह – 365