वर्ल्ड चैंपियन मीनाक्षी का पंच चला, भारत के पांच बॉक्सर क्वार्टर फाइनल में
चीन के गुइयांग में आयोजित बॉक्सिंग वर्ल्ड कप (स्टेज-2) के चौथे दिन भारतीय मुक्केबाज मीनाक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 48 किग्रा वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी इस प्रतियोगिता में 51 किग्रा वर्ग में हिस्सा ले रही हैं।
मीनाक्षी ने पोलैंड की नतालिया कुजेवस्का को 5-0 से एकमत निर्णय के आधार पर हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, चौथे दिन भारतीय पुरुष मुक्केबाज अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) को किर्गिस्तान के मिर्जोखिद इमामनाजरोव के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ उनका अभियान समाप्त हो गया।
टूर्नामेंट में अब तक भारत के पांच मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें निखिल (55 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), प्राची (57 किग्रा) और सनेह (65 किग्रा) शामिल हैं। इसके अलावा ज्योति (48 किग्रा) और जुगनू (85 किग्रा) ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर अपने पदक भी पक्के कर लिए हैं।

ज्योति को भारतीय टीम में देर से शामिल किया गया था, क्योंकि बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने 18 सदस्यीय दल का विस्तार कर उसे 20 सदस्यीय बना दिया था। इसी विस्तार के तहत 75 किग्रा वर्ग में आकाश को भी टीम में शामिल किया गया। भारत की ओर से इस प्रतियोगिता में 10 पुरुष और 10 महिला मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।
बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी एथलीटों के प्रति है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं किसी भी मुक्केबाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों के खिलाफ खुद को परखने का अवसर मिलना चाहिए।
ज्योति और आकाश ने यह मौका हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की है। यह जरूरी है कि उन्हें मुकाबला करने, शीर्ष स्तर के अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अनुभव प्राप्त करने और अपने खेल विकास को आगे बढ़ाने का अवसर मिले।”
प्रतियोगिता के पांचवें दिन चार भारतीय मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। महिला वर्ग में मीनाक्षी (51 किग्रा) का सामना कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा से होगा। सनेह (65 किग्रा) पोलैंड की किंगा क्रोवका के खिलाफ रिंग में उतरेंगी, जबकि प्राची (57 किग्रा) का मुकाबला चीनी ताइपे की शिह यी वू से होगा। पुरुष वर्ग में निखिल (55 किग्रा) का सामना अजरबैजान के अमीन मम्मादजादा से होगा।