Trending

रोनाल्डो पर उठे सवालों के बीच डायस का बड़ा बयान, कहा- आलोचना पूरी टीम की होनी चाहिए

फीफा वर्ल्ड कप में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में रोनाल्डो का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा और वह पूरे मैच में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। हालांकि, टीम के अनुभवी डिफेंडर रूबेन डायस ने अपने कप्तान का खुलकर बचाव किया है।

रूबेन डायस ने रोनाल्डो पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि किसी भी खराब प्रदर्शन के लिए केवल एक खिलाड़ी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। डीआर कांगो के खिलाफ मुकाबले में रोनाल्डो के पास 25 बार गेंद पहुंची, लेकिन वह न तो टारगेट पर कोई शॉट लगा सके, न किसी साथी खिलाड़ी के लिए गोल का मौका बना पाए और न ही ड्रिबल के जरिए विपक्षी खिलाड़ियों को मात दे सके।

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पुर्तगाल को आक्रमण में अधिक तेज और फुर्तीले खिलाड़ी को मौका देने से फायदा मिल सकता था। इसके बावजूद डायस का मानना है कि टीम को अब भी 41 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी पर पूरा भरोसा है। रोनाल्डो अपने करियर का छठा वर्ल्ड कप फाइनल खेल रहे हैं और टीम के लिए उनका अनुभव बेहद अहम है।

साभार : गूगल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डायस ने कहा, “क्रिस्टियानो रोनाल्डो निश्चित रूप से उस मीडिया दबाव से निपटने के आदी हैं, जिसका सामना हम क्लब फुटबॉल, राष्ट्रीय टीम, विश्व टूर्नामेंट और यूरोपीय प्रतियोगिताओं में करते हैं। इस तरह की बड़ी प्रतियोगिताओं में सब कुछ कभी भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता।”

उन्होंने आगे कहा कि आलोचना केवल एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं होनी चाहिए। डायस के मुताबिक, रोनाल्डो सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं, इसलिए स्वाभाविक रूप से उन पर अधिक ध्यान जाता है। लेकिन किसी भी परिणाम के लिए पूरी टीम जिम्मेदार होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां पहले भी आई हैं और भविष्य में भी आती रहेंगी।

डायस ने कहा, “आलोचना हमारे लिए ज्यादा मायने नहीं रखती। यह खेल का हिस्सा है और बाहर का शोर भर है। जब किसी टीम का मैच अच्छा नहीं जाता, तो इस तरह की बातें होना सामान्य है। हम खुद को बेवजह की आलोचनाओं से दूर रख रहे हैं।” पुर्तगाल टीम अब फीफा वर्ल्ड कप में अपना अगला मुकाबला 23 जून को उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।