ज्योति-मीनाक्षी चमकीं, चार भारतीय मुक्केबाज विश्व मुक्केबाजी कप के फाइनल में
ज्योति और मीनाक्षी की अगुआई में भारत की चार मुक्केबाजों ने शनिवार को यहां विश्व मुक्केबाजी कप दो के फाइनल में जगह बनाई जबकि दो अन्य मुक्केबाजों को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
ज्योति (48 किग्रा) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मैक्सिको की फातिमा हेरेरा को 3-2 से हराया और फाइनल में जगह बनाई। यह जीत इसलिए भी अहम थी क्योंकि हेरेरा ने अपना वजन घटाकर 48 किग्रा वर्ग में आने के बाद विश्व मुक्केबाजी कप ब्राजील 2026 में ऐतिहासिक रजत पदक जीता था।
48 किग्रा वर्ग में दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज रहीं मीनाक्षी ने 51 किग्रा वर्ग में शानदार नियंत्रण दिखाया और स्पेन की लॉरा फुएर्टेस फर्नांडीज को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्राची (57 किग्रा) ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और फ्रांस की अमीना जिदानी पर 4-1 की दमदार जीत के साथ स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता को हराया था।

पुरुषों के वर्ग में दीपक (70 किग्रा) ने फ्रांस के माकन ट्राओरे पर 5-0 की शानदार जीत के साथ भारत का दबदबा बनाए रखा और फाइनल में जगह पक्की की। भारत ने दो कांस्य पदक भी जीते जब जुगनू (85 किग्रा) और निखिल (55 किग्रा) का सफर सेमीफाइनल में समाप्त हुआ। जुगनू को फ्रांस के जूनियर तदाह से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा जबकि निखिल को अमेरिका के लॉरेंजो पैट्रिसियो से 0-5 से हार मिली।