Trending

आजमगढ़ ने जीते 22 स्वर्ण, फिर बना ओवरऑल चैंपियन

उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026

लखनऊ। आजमगढ़ ने उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 में दमदार प्रदर्शन की बदौलत सर्वाधिक 22 स्वर्ण के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखा। वहीं गौतमबुद्ध नगर उपविजेता रही जबकि सुल्तानपुर को तीसरा स्थान मिला।

गौतमबुद्ध नगर उपविजेता, सुल्तानपुर को तीसरा स्थान

चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ द्वारा आयोजित इंडोनेशियाई मार्शल आर्ट की इस चैंपियनशिप का शनिवार को समापन हुआ।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सहजानंद राय (क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र) ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया तथा शीर्ष तीन टीमों को विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर इग्नू पटना के क्षेत्रीय निदेशक डा कीर्ति विक्रम सिंह, भाजयुमो लालगंज के जिला अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा व महामंत्री अंकुर राय, आजमगढ़ के शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अजय राय व जयेश पाण्डेय की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पूर्व एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष जसपाल सिंह ने अतिथिगण का स्वागत किया। अंत में पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव संतोष जायसवाल ने आभार जताया।

चैंपियनशिप में आजमगढ़ 22 स्वर्ण, 8 रजत व 5 कांस्य सहित कुल 35 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। गौतमबुद्ध नगर ने 14 स्वर्ण व 2 रजत सहित कुल 16 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं सुल्तानपुर को 10 स्वर्ण, 3 रजत व 1 कांस्य सहित कुल 14 पदकों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

चैंपियनशिप के दूसरे व अंतिम दिन के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहें:-

पुरुष सीनियर 45 किग्रा से कम भार वर्ग में जौनपुर के अंश कुमार ने स्वर्ण व लखनऊ के संदीप गौतम ने रजत पदक जीते। वहीं 50-55 किग्रा वर्ग में आजमगढ़ के अनुराग कुमार ने स्वर्ण व लखनऊ के वशिष्ठ मुनि पासवान ने रजत पदक हासिल किया।

पुरुष सीनियर 60-65 किग्रा भार वर्ग में आजमगढ़ के आर्यवीर सिंह ने स्वर्ण व वाराणसी के अनुज यादव ने रजत पदक जीता। 65-70 किग्रा भार वर्ग में आजमगढ़ के सूरज यादव ने स्वर्ण व वाराणसी के आयुष पटेल ने रजत पदक अपने नाम किए।

दूसरी ओर पुरुष सीनियर 70-75 किग्रा वर्ग में आजमगढ़ के सात्विक यादव व श्रेयांश तिवारी ने रजत पदक जीते। 75-80 किग्रा वर्ग में आजमगढ़ के ज्ञानेंद्र चौहान ने स्वर्ण व अंकित मौर्या ने रजत पदक हासिल किया।

पुरुष सीनियर 80-85 किग्रा में वाराणसी के सादिक सिद्दीकी ने स्वर्ण व आजमगढ़ के मनीष यादव ने रजत पदक जीता जबकि 85-90 किग्रा वर्ग में आजमगढ़ के सागर यादव ने स्वर्ण व सहारनपुर के मोहम्मद शोएब ने रजत पदक प्राप्त किया।

पुरुष सीनियर 90-95 किग्रा में वाराणसी के विशाल पाण्डेय ने स्वर्ण पदक जीता। 95-100 किग्रा वर्ग में में मथुरा के अर्जुन सिंह ने स्वर्ण व मऊ के चंद्र पाल ने रजत पदक हासिल किया। वहीं 110 किग्रा से अधिक भार वर्ग में आजमगढ़ के देवेंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

महिला सीनियर वर्ग में 45 किग्रा से कम में वाराणसी की अंजली पटेल, 45-50 किग्रा में सुल्तानपुर की काजल, 50-55 किग्रा में आगरा की ज्योति व 75-80 किग्रा में आजमगढ़ की रानी दुबे ने स्वर्णिम सफलता हासिल की।