Trending

होंग म्युंगबो ने स्वीकार की टीम की विफलता, हेड कोच पद से दिया इस्तीफा

साउथ कोरिया के फीफा वर्ल्ड कप से ग्रुप स्टेज में ही बाहर होने के बाद टीम के हेड कोच होंग म्युंगबो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत साउथ कोरिया ने शानदार अंदाज में की थी और पहले मुकाबले में चेकिया को 2-1 से हराकर जीत के साथ अभियान का आगाज किया था।

हालांकि, इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया। मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे लगातार 1-0 के समान अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों हार के बाद टीम की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद साउथ कोरिया सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ टीमों में भी जगह नहीं बना सका और उसका सफर ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया।

57 वर्षीय होंग म्युंगबो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की असफलता की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने देश के फुटबॉल प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि वह नेशनल टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ रहे हैं।

साभार : गूगल

होंग ने कहा, “मैं उन सभी कोरियाई लोगों से दिल से माफी मांगता हूं, जिन्होंने हमारी नेशनल टीम का हमेशा समर्थन किया। मैंने यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की, लेकिन मैं वह नतीजा नहीं दे सका जिसकी लोगों को उम्मीद थी। इसी वजह से मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं।”

उन्होंने कहा कि हेड कोच के रूप में अंतिम नतीजा ही सबसे अधिक मायने रखता है और वह उस कसौटी पर सफल नहीं रहे। इसके साथ ही उन्होंने अपने कोचिंग स्टाफ और सहयोगियों का भी आभार जताया, जिन्होंने पूरे समर्पण और मेहनत के साथ उनका साथ दिया।

होंग म्युंगबो ने वर्ष 2024 में दूसरी बार साउथ कोरिया की नेशनल टीम की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान टीम ने कुल 26 मुकाबले खेले, जिनमें 15 में जीत हासिल की, छह मैच हारे और पांच मुकाबले ड्रॉ रहे। इससे पहले भी वह 2013 और 2014 में साउथ कोरिया की राष्ट्रीय टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

कोच बनने से पहले होंग म्युंगबो साउथ कोरिया के दिग्गज फुटबॉलरों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में देश के लिए 136 मैच खेले। वर्ष 2009 में उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की और बाद में राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बने।

अपने विदाई संदेश में होंग ने कहा कि भले ही वह हेड कोच का पद छोड़ रहे हों, लेकिन कोरियाई फुटबॉल के प्रति उनका प्रेम और समर्पण कभी कम नहीं होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय टीम भविष्य में मजबूती से वापसी करेगी और वह एक समर्थक के रूप में हमेशा उसके साथ खड़े रहेंगे।