Trending

श्रीलंका की करारी हार से बदली डब्ल्यूटीसी रैंकिंग, भारत को मिला फायदा, पाकिस्तान का बुरा हाल

वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला। श्रीलंका को इस मैच में पारी और 217 रनों से बड़ी हार मिली। इस हार के बाद श्रीलंका तीसरे से सीधा छठे पायदान पर पहुंच गई है।

श्रीलंका की इस हार से भारत, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को फायदा मिला है। भारत अब ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के साथ टॉप-5 में है। वहीं वेस्टइंडीज 8वें नंबर पर है, तो पाकिस्तान का बेड़ा गर्क हो रखा है। पाकिस्तान की टीम लेटेस्ट डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 9वें पायदान पर है।

पाकिस्तान ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 में कुल 4 मैच खेले हैं, जिसमें तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक में ही उन्हें जीत मिली है। पाकिस्तान के खाते में सबसे कम 8.33 प्रतिशत अंक है।

साभार : गूगल

वहीं वेस्टइंडीज 14.81 प्रतिशत अंकों के साथ 8वें पायदान पर पहुंच गई है। यह मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकिल में उनकी पहली जीत है। वेस्टइंडीज ने अभी तक 9 मैच खेले हैं जिसमें से 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, 1 मैच ड्रॉ रहा और अब एक मैच उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ जीता है।

श्रीलंका 44.44 प्रतिशत अंकों के साथ छठे पायदान पर गिर गई है, जबकि इंग्लैंड 26.39 प्रतिशत अंकों के साथ 7वें पायदान पर है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टेस्ट जारी है, इस मैच में भी इंग्लिश टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है।

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और एक ड्रॉ के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गई है। भारत के खाते में 48.15 प्रतिशत अंक है। बांग्लादेश जैसी टीम भारत से आगे है, जिनके खाते में 58.33 प्रतिशत अंक है।

डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 87.5 प्रतिशत अंकों के साथ पहले नंबर पर चल रही है। न्यूजीलैंड अगर इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट में हरा देती है तो उनके खाते में 72.23 प्रतिशत अंक हो जाएंगे, ऐसे में वह तीसरे पायदान पर ही बनी रहेगी।