पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे को ढहाने पर भारत का कड़ा विरोध

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : पाकिस्तान के फारूकाबाद में 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को ढहाए जाने की घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने इसे सिख समुदाय की आस्था पर सुनियोजित हमला बताया है। भारत ने पाकिस्तान सरकार से इस मामले की जल्द जांच कराने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि गुरुद्वारे को नुकसान पहुंचाए जाने की खबरें बेहद दुखद हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होना भी गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल पर हमला पूरी तरह निंदनीय है।
भारत ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले भी पाकिस्तान में धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों को लगातार निशाना बनाया जाना चिंता का विषय है।
भारत ने पाकिस्तान सरकार से इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि इस घिनौनी हरकत में शामिल लोगों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही ऐसे मामलों पर रोक लगा सकती है।