Trending

भारत टेक्स 2026, भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र मेले का होगा आयोजन

नई दिल्ली (अभिषेक सिंह) : भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र आयोजन भारत टेक्स 2026 आगामी 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत के संपूर्ण वस्त्र उद्योग (टेक्सटाइल इकोसिस्टम) की व्यापकता और विविधता को एकीकृत वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा।

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित इस आयोजन को भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है। यह फेडरेशन विभिन्न टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल्स तथा उद्योग संगठनों का एक संयुक्त मंच है। भारत टेक्स 2026 भारत की वस्त्र, फैशन, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी), प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करेगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी 5F विज़न—Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign से प्रेरित, भारत टेक्स 2026 आज वस्त्र मूल्य श्रृंखला (Textile Value Chain) के लिए व्यवसाय, निवेश, वैश्विक सोर्सिंग, नवाचार, नीतिगत संवाद तथा रणनीतिक साझेदारियों का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है।

यह आयोजन देश-विदेश के निर्माताओं, निर्यातकों, वैश्विक खरीदारों, ब्रांड्स, सोर्सिंग सलाहकारों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं, विभिन्न राज्यों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों, डिजाइनरों, कारीगरों, स्टार्ट-अप्स तथा प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साथ लाकर वस्त्र उद्योग के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा.

भारत टेक्स 2026 के तीसरे संस्करण में 7,000 से अधिक खरीदारों, 1.30 लाख व्यापारिक आगंतुकों, 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पादों तथा 16 लाख वर्ग फुट में फैले विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र की भागीदारी होने की उम्मीद है। यह आयोजन उद्योग जगत के लिए सार्थक व्यावसायिक सहभागिता और व्यापारिक अवसरों का सृजन करेगा।

इस आयोजन में 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक वक्ता, जिनमें अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, राष्ट्रीय उद्योग जगत के अग्रणी, CXOs, नीति-निर्माता और विचार नेतृत्वकर्ता शामिल हैं, अपने विचार साझा करेंगे। वैश्विक भागीदारी को और सुदृढ़ करने तथा संरचित अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित इंटरनेशनल पवेलियन भी स्थापित किया जाएगा। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, स्पेन, इटली, नीदरलैंड, बेल्जियम, कनाडा, पुर्तगाल, फ्रांस, स्विट्ज़रलैंड, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, श्रीलंका, हांगकांग, स्वीडन, केन्या, बांग्लादेश, वियतनाम, मिस्र और इंडोनेशिया सहित अनेक देशों के विशेषज्ञ इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।

इस संस्करण में राज्यों की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिल रही है। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक तथा तमिलनाडु आठ प्रायोजक राज्य (Sponsor States) के रूप में भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मणिपुर, राजस्थान तथा पश्चिम बंगाल सहित नौ राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश प्रदर्शक के रूप में भागीदारी कर रहे हैं। इन राज्यों के मंडप भारत के विविध वस्त्र क्लस्टरों, निवेश संभावनाओं, विनिर्माण क्षमताओं, औद्योगिक अवसंरचना तथा नीतिगत एवं नियामकीय सहयोग को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेंगे।