भारत के पिछले 12 साल अभावों से मुक्त होकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में प्रगति के रहे हैं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 4 जुलाई, 2026 को नई दिल्ली में एक मीडिया संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पिछले 12 वर्षों में भारत की यात्रा अभावों से आत्मनिर्भरता की ओर, आत्मनिर्भरता से आत्मविश्वास की ओर और आत्मविश्वास से विकसित भारत के निर्माण की ओर प्रगति की रही है।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में अभावों को दूर किया, अवसरों को बढ़ाया और कार्य संस्कृति में परिवर्तन किया; दूसरे कार्यकाल में, इसने आकांक्षाओं को उपलब्धियों में परिवर्तित किया और देश को आत्मनिर्भरता के पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ाया। उन्होंने आगे कहा कि अपने तीसरे कार्यकाल में, सरकार “सुधार, प्रदर्शन, परिवर्तन” की नीति के माध्यम से विकसित भारत की मजबूत नींव रख रही है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चौथे कार्यकाल में विश्व एक विकसित भारत के उदय का साक्षी बनेगा।
रक्षा मंत्री ने पिछले 12 वर्षों में देश के परिवर्तन के प्रमुख पहलुओं के बारे में बताते हुए कहा कि जब 2014 में ‘मेक-इन-इंडिया’ शुरू की गई थी, तब कुछ लोगों ने इसे असफल बताया था लेकिन इस योजना ने सफलता के नए मानक स्थापित किए और यह आज भी जारी है। उन्होंने कहा, “भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में एक परिवर्तनकारी बदलाव आया है। पहले जहां विश्व हमारी बात पर ध्यान नहीं देता था, वहीं आज वह वैश्विक मुद्दों पर भारत के दृष्टिकोण को ध्यान से सुनता है।” उन्होंने आगे कहा कि 2021 में शुरू किए गए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन पर शुरुआती संदेह के बावजूद, ‘प्लग-एंड-प्ले’ बुनियादी ढांचा मॉडल पर आधारित सेमीकंडक्टर पार्कों की स्थापना के कारण देश ने पिछले साल अपने स्वयं के सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन किया।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में वार्षिक रक्षा उत्पादन सर्वकालिक उच्च स्तर 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह वित्त वर्ष 2014-15 के आंकड़े से तीन गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि रक्षा निर्यात आज रिकॉर्ड 38,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह वित्त वर्ष 2013-14 के 686 करोड़ रुपये से लगभग 57 गुना अधिक है और मेक-इन-इंडिया पहलों में विश्व के विश्वास को दर्शाता है।
रक्षा मंत्री ने भारत के विनिर्माण और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण वृद्धि के बारे में बताते हुए मोबाइल विनिर्माण, ऑटोमोबाइल निर्यात, स्वदेशी लोकोमोटिव उत्पादन और मेक-इन-इंडिया के तहत डिजिटल अवसंरचना के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने भारत की डिजिटल क्रांति का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि अप्रैल में 22.35 बिलियन यूपीआई लेनदेन हुए। इसका कुल मूल्य 29 लाख करोड़ रुपये था और इस सुविधा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार हो रहा है। उन्होंने स्वदेशी रूप से विकसित मेक-इन-इंडिया 5जी तकनीक के देशव्यापी तीव्र विस्तार की भी बात की और कहा कि 6जी के विकास की दिशा में प्रयास जारी हैं।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि 2014 से पहले, कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में भ्रष्टाचार और गबन को व्यापक रूप से अपरिहार्य माना जाता था जिसके कारण लाभ लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, जन धन, आधार और मोबाइल के त्रिमूर्ति ‘जेएएम त्रिमूर्ति’ के माध्यम से इस चुनौती का समाधान किया जिससे लाभार्थियों के बैंक खातों में 51 लाख करोड़ रुपये का सीधा हस्तांतरण संभव हुआ और लगभग 4.3 लाख करोड़ रुपये के गबन को रोका जा सका। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सफल कार्यान्वयन के बारे में कहा कि प्रारंभिक चिंताओं के बावजूद, इसने केंद्र और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वय को मजबूत करके सहकारी संघवाद के एक आदर्श के रूप में विकास किया है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाना और नक्सलवाद को खत्म करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास सरकार के उन मुद्दों को हल करने के दृढ़ संकल्प के ज्वलंत उदाहरण हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उद्यमियों को रोजगार सृजनकर्ता और धन निर्माता मानती है और जन विश्वास सुधार जैसी पहलों ने व्यापार करने में सुगमता को बढ़ाया है और भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ने में योगदान दिया है। उन्होंने आगे कहा, “भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन गया है। पिछले 12 वर्षों में, स्टार्ट-अप्स की संख्या 500 से बढ़कर 2 लाख से अधिक हो गई है और यूनिकॉर्न की संख्या चार से बढ़कर 125 हो गई है।”