डी गुकेश, अर्जुन और फिरोजा समेत कई स्टार्स खेलेंगे चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में
विश्व चैंपियन डी गुकेश, अर्जुन एरिगेसी और पूर्व विश्व रैपिड चैंपियन नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव उन स्टार खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो 16 से 22 जुलाई तक चेन्नई में आयोजित होने वाले चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के चौथे सत्र में हिस्सा लेंगे। 75 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण फिडे सर्किट अंक भी हासिल करने का अवसर मिलेगा। ये अंक अगले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में शामिल खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
प्रतियोगिता में दो बार के ग्रैंड चेस टूर चैंपियन अलीरेजा फिरोजा, 2026 बुलेट चेस चैंपियन निहाल सरीन, पूर्व कैंडिडेट्स चैलेंजर दिमित्री आंद्रेकिन, अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हेन्स नीमैन और पिछले वर्ष के चैलेंजर्स चैंपियन प्रणेश एम भी अपनी चुनौती पेश करते हुए नजर आएंगे। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से टूर्नामेंट का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों ही काफी ऊंचे रहने की उम्मीद है।

इस बार टूर्नामेंट में पहली बार ‘ओपनिंग मूव्स फोटोस्लॉट’ टिकट की भी शुरुआत की गई है। इस विशेष टिकट के जरिए प्रशंसकों को अपने मोबाइल फोन और कैमरे के साथ टूर्नामेंट हॉल में प्रवेश करने तथा दुनिया के कुछ सबसे बड़े शतरंज सितारों की तस्वीरें और वीडियो कैद करने का अनूठा अवसर मिलेगा।