Trending

सीरीज बचाने उतरेगा भारत, तीसरे टी-20 में टीम संयोजन में बदलाव संभव

ब्रिटेन दौरे पर टीम इंडिया को अभी तक जीत का इंतजार है। पांच मैच की टी-20 सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही मेहमान टीम मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मुकाबले में टीम संयोजन में बदलाव कर सकती है। उसके सामने सीरीज बचाने की मुश्किल चुनौती है।

कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम प्रबंधन अतिरिक्त तेज गेंदबाज को अंतिम एकादश में लेने पर विचार कर रहा है जबकि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की जगह खतरे में दिखाई दे रही है। भारत अब तक चार में से तीन मुकाबले हार चुका है। इनमें आयरलैंड के खिलाफ 0-2 की शर्मनाक सीरीज हार भी है। ऐसे में टीम के लिए तीसरा टी-20 ‘करो या मरो’ जैसा मुकाबला बन गया है।

दूसरे मैच में बिश्नोई पूरी तरह लय से बाहर थे। उन्होंने तीन ‘बैक-फुट नो-बॉल’ फेंकीं और 17वें ओवर में 29 रन लुटाए। चार ओवर में बिना विकेट 60 रन खर्चने के बाद ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए बिश्नोई का अंतिम एकादश में शामिल होना मुश्किल माना जा रहा है। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है।

साभार : गूगल

बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ ही शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। पिछले छह महीनों से आईपीएल समेत अधिकांश मुकाबले सपाट विकेटों पर खेलने वाली भारतीय बल्लेबाजी इकाई इंग्लैंड की अतिरिक्त उछाल, गेंद की हरकत और सैम कुरन जैसे गेंदबाजों की विविधताओं के सामने संघर्ष करती दिखी है।

कप्तान श्रेयस अय्यर और इशान किशन ने कुछ उपयोगी रन जरूर बनाए हैं, लेकिन दोनों ही यह स्वीकार करेंगे कि वे इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नहीं हो सके। इंग्लैंड के स्पिनर लियाम डॉसन, विल जैक्स और आदिल रशीद लगातार गेंद की गति कम रखकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं।

भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी-20 विश्व कप के बाद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं और थोड़ी तेज गति से गेंदबाजी कर रहे हैं।