Trending

आर्चर-टंग के कहर से बिखरा भारत, 125 रन से मिली सबसे बड़ी टी20 हार

टी-20 सीरीज में इंग्लैंड की बढ़त

आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और जोश टंग के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए, जिसके चलते विश्व चैंपियन भारतीय टीम को तीसरे टी20 में 125 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। यह रनों के अंतर से भारत की सबसे शर्मनाक टी20 हार थी और सिर्फ चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।

पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था और अगले दोनों मैच जीतकर इंग्लैंड पांच मैचों की श्रृंखला में 2 . 0 से आगे है। आर्चर ने तीन विकेट लिये जबकि टंग ने चार विकेट चटकाये। जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम 76 रन पर आउट हो गई। श्रेयस अय्यर का बतौर कप्तान हार का सिलसिला अब पांच मैचों का हो गया है।

इंग्लैंड के लिये फिल साल्ट ने 70 और सैम कुरेन ने नाबाद 41 रन बनाये। भारत के पांच विकेट पांच ओवर में 52 रन पर गिर गए थे। भारतीय बल्लेबाजों ने गैर जिम्मेदाराना शॉट खेले और जीत के लिये कोई प्रयास भी नहीं किया। वैभव सूर्यवंशी ने आर्चर और टंग को दो छक्के लगाये लेकिन 13 रन बनाकर विकेट गंवा बैठे। एक तेज बाउंसर पर हुक शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने विकेट के पीछे जोस बटलर को कैच थमा दिया।

© Getty Images

अभिषेक शर्मा डीप एक्स्ट्रा कवर में खराब शॉट खेलकर लौटे जबकि ईशान किशन भी टिक नहीं सके। अय्यर ने आर्चर को फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन कैच आउट हो गए। इससे पहले साल्ट के 70 रन से इंग्लैंड ने 201 रन बनाये।

भारतीय तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ने प्रभावी प्रदर्शन किया। हर्षित राणा और प्रिंस यादव को दो-दो विकेट की सफलता मिली। अनुभवी स्पिनर अक्षर पटेल और वरूण चक्रवर्ती महंगे साबित हुए। अक्षर ने एक विकेट लिया जबकि वरूण ने तीन ओवर में 35 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। हरफनमौला सैम कुरेन ने नाबाद 41 रन बनाकर इंग्लैंड को 200 रन के पार पहुंचाया।

© AFP/Getty Images

अर्शदीप सिंह ने एक मैडन ओवर डाला लेकिन भारत ने डीआरएस रिव्यू गंवाया। जोस बटलर ने 36 रन बनाये। हैरी ब्रूक 16 रन बनाकर आउट हुए जिन्होंने प्रिंस को छक्का लगाया। प्रिंस ने ही हालांकि उन्हें डीप मिडविकेट में अभिषेक शर्मा के हाथों लपकवाया। साल्ट और जैकब बेथेल ने सिर्फ 3 . 3 ओवर में 40 रन की साझेदारी की। हर्षित ने बेथेल और टॉम बेंटोन को लगातार दो गेंदों पर आउट किया।