चेपॉक बनेगा गवाह, मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स भिड़ेंगे भारत में
बिग बैश लीग
ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग पहली बार भारत में कदम रखने जा रही है। दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में बीबीएल का पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार होगा, जब कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित किया जाएगा।
कई महीनों से जारी चर्चाओं के बाद शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित विशेष कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक मुकाबले की आधिकारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।
12 दिसंबर को होने वाले इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाले चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग आयोजकों को उम्मीद है कि क्रिकेट प्रेमी चेन्नई में होने वाले इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए स्टेडियम को पूरी तरह भर देंगे।

बीबीएल ने इस मुकाबले के लिए क्रिकेट कैलेंडर में भी खास समय चुना है। ऑस्ट्रेलिया में यह मैच शाम के समय खेला जाएगा, जबकि भारत में इसकी शुरुआत दोपहर में होगी।
यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पर्थ में खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होगा। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में बीबीएल का यह पहला कदम माना जा रहा है और इसे लीग के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।