स्पेन की जीत के हीरो बने मेरिनो, दो नॉकआउट मैचों में सब्स्टीट्यूट बनकर रचा इतिहास
फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। स्पेन की इस जीत के हीरो मिकेल मेरिनो रहे, जिन्होंने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरने के बाद मैच के 88वें मिनट में विजयी गोल दागकर टीम को अंतिम चार में पहुंचा दिया।
इस गोल के साथ ही मिकेल मेरिनो ने फीफा वर्ल्ड कप में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल के खिलाफ भी बतौर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी विजयी गोल किया था, जबकि बेल्जियम के खिलाफ भी उन्होंने वही कारनामा दोहराया। इसके साथ ही मेरिनो एक ही विश्व कप के दो नॉकआउट मुकाबलों में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के रूप में विजयी गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं।
इतना ही नहीं, मेरिनो स्पेन के लिए फीफा वर्ल्ड कप में 80वें मिनट के बाद दो अलग-अलग मुकाबलों में विजयी गोल करने वाले भी पहले खिलाड़ी बन गए हैं। स्पेन ने इस विश्व कप में अब तक छह मुकाबले खेले हैं, जिनमें मेरिनो को सिर्फ एक मैच में शुरुआती इलेवन में जगह मिली। हालांकि, उन्होंने पांच मुकाबलों में सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर उतरकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है।

बेल्जियम के खिलाफ स्पेन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 30वें मिनट में स्पेन को पहला गोल मिला। लैमिन यामल के शानदार रन के बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स के भीतर लो क्रॉस दिया। डैनी ओल्मो का पहला शॉट बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ पूरी तरह रोक नहीं सके और रिबाउंड पर फैबियन रुइज ने शानदार शॉट लगाकर स्पेन को गोलपोस्ट में पहुंचाया।
हालांकि, बेल्जियम ने पहले हाफ खत्म होने से पहले ही मुकाबले में वापसी कर ली। 42वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलेयर ने टिमोथी कास्टेग्ने के शानदार क्रॉस पर बेहतरीन हेडर लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद 85वें मिनट तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और मुकाबला अतिरिक्त समय में जाता हुआ नजर आ रहा था। हालांकि, 86वें मिनट में स्पेन के कोच ने मिकेल मेरिनो को मैदान पर उतारा और उन्होंने महज दो मिनट बाद ही गोल दागकर मैच का पासा पलट दिया। मेरिनो के इस निर्णायक गोल से स्पेन ने जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां अब मंगलवार को उसका सामना फ्रांस से होगा।