विंबलडन में फेडरर से मिले सचिन, दोस्ती पर लिखा दिल छू लेने वाला संदेश
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने विंबलडन के दौरान टेनिस दिग्गज रोजर फेडरर से मुलाकात के बाद उनके लिए एक भावुक संदेश साझा किया। सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी और फेडरर की दोस्ती को खास बताते हुए लिखा कि कुछ रिश्ते कभी खत्म नहीं होते।
उन्होंने लिखा, “कुछ रैलियां कभी खत्म नहीं होतीं। हमारी दोस्ती उनमें से एक है। रोजर, आपके साथ समय बिताना हमेशा अच्छा लगता है। जब तक हम फिर से नहीं मिलते।”
विंबलडन में सचिन का यह दौरा कई मायनों में यादगार रहा। वह शुक्रवार को खेले गए पुरुष एकल सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान प्रतिष्ठित रॉयल बॉक्स में मौजूद विशेष मेहमानों में शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कई दिग्गज खिलाड़ियों और खेल जगत की मशहूर हस्तियों के साथ मुकाबले का आनंद लिया।

रॉयल बॉक्स में भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल भी मौजूद थे। गिल के लिए यह पहला अवसर था, जब उन्होंने विंबलडन का मुकाबला रॉयल बॉक्स से देखा। इंग्लैंड दौरे के बीच समय निकालकर वह इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का हिस्सा बने। उनके अलावा फुटबॉल स्टार और लिवरपूल के कप्तान वर्जिल वैन डाइक तथा लीड्स यूनाइटेड के चेयरमैन पराग मराठे भी रॉयल बॉक्स में मौजूद रहे।
इस दौरान सचिन की मुलाकात पूर्व वेस्टइंडीज कप्तान ब्रायन लारा से भी हुई। दोनों दिग्गजों के बीच हुई बातचीत ने क्रिकेट प्रशंसकों को पुराने दिनों की याद दिला दी। अपने दौर में मैदान पर एक-दूसरे के बड़े प्रतिद्वंद्वी रहे सचिन और लारा क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कई प्रदर्शनी और चैरिटी मैचों में एक साथ खेल चुके हैं। दोनों की दोस्ती आज भी उतनी ही मजबूत बनी हुई है।
Some rallies never end. Our friendship is one of them.
Always a pleasure spending time with you, Roger. Until we meet again. pic.twitter.com/is6ZonZvz4
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) July 10, 2026
अगर मैच की बात करें तो जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रिटेन के युवा खिलाड़ी आर्थर फेरी को सीधे सेटों में 7-6 (7-0), 6-2, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन के फाइनल में जगह बनाई। दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव को शुरुआती सेट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन टाईब्रेक जीतने के बाद उन्होंने मुकाबले पर पूरी तरह से पकड़ बना ली।
पिछले महीने फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले ज्वेरेव अब अपने करियर के पांचवें ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंच गए हैं। विंबलडन में यह उनका पहला खिताबी मुकाबला होगा। इस जीत के साथ ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में उनकी लगातार जीत का सिलसिला 13 मैचों तक पहुंच गया है। अब उनकी नजर लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने पर होगी।