Trending

वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया, कार्टी-होप की दमदार पारियों से सीरीज में 1-0 की बढ़त

वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 5 मैच की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 7 विकेट से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मेजबान टीम की जीत के हीरो कीसी कार्टी और कप्तान शे होप रहे।

कीसी कार्टी शतक से चूकने से निराश जरूर होंगे, मगर उन्होंने 95 रनों की दमदार पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा कप्तान शे होप ने नाबाद 87 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज पार करवाई।

बता दें, न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 267 रन बोर्ड पर लगाए थे, वेस्टइंडीज ने इस स्कोर को 7 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया। गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की।

© AFP/Getty Images

हेनरी निकोलस (27), विल यंग (49), मार्क चैपमैन (27) और टॉम लैथम (25) को अच्छी शुरुआत तो मिली, मगर इनमें से कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नंबर-4 पर उतरे डेरेल मिशेल ने जरूर अर्धशतक जड़ते हुए 65 रनों की पारी खेली, मगर वह भी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके।

न्यूजीलैंड की खराब बल्लेबाजी का आलम यह था कि उन्होंने 267 के स्कोर पर हथियार डाल दिए। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ 4 विकेट के साथ टीम के हाईएस्ट विकेट टेकर रहे, वहीं इस मैच में डेब्यू कर रहे विटेल लॉज को 3 सफलताएं मिली। 268 रनों के टारगेट का पीछा करने उतीर वेस्टइंडीज की टीम को पहला झटका भले ही 28 के स्कोर पर जल्दी लग गया हो, मगर इसके बाद एकीम ऑगस्टे (38) और कीसी कार्टी ने पारी को संभाला और शानदार साझेदारी की।

© AFP/Getty Images

कीसी एक छोर से लगे हुए थे, उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान शे होप के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। कार्टी अपने शतक से 5 रन से चूक गए, उन्हें माइकल ब्रेसवेल ने आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।

© AFP/Getty Images

नंबर-5 पर उतरे शेरफेन रदरफोर्ड ने 22 रन बनाकर मैच खत्म किया। होप 87 रन बनाकर नाबाद रहे। कार्टी को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे इसी मैदान पर 13 जुलाई को खेला जाएगा।