Trending

4-0 से सीरीज हारने के बाद भारत पर वॉन का कटाक्ष, फील्डिंग को लेकर उड़ाया मजाक

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने 5वें टी20 के दौरान भारतीय टीम की खराब फील्डिंग पर तंज कसा है। भारत बनाम इंग्लैंड पांचवें टी20 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े और कुछ मिसफील्डिंग भी की। इस खराब परफॉर्मेंस का खामियाजा भारत को हार के साथ उठाना पड़ा।

आखिरी टी20 में इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों से धूल चटाकर सीरीज में 4-0 से सूपड़ा साफ किया। भारत की हार के बाद वॉन ने एक्स पर भारत के जले पर नमक छिड़का है। इस मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बैटिंग करते हुए जोस बटलर के शतक और कप्तान हैरी ब्रूक की 95 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर 257 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया 201 रन ही बना सकी।

माइकल वॉन ने भारतीय पारी खत्म होने के बाद एक्स पर लिखा, ‘यह ऑफिशियल है.. मैं इंडियन टीम के हर खिलाड़ी को अपनी फील्डिंग एकेडमी में डाल रहा हूं..’ पावरप्ले के आखिरी ओवर में जब प्रिंस यादव अटैक पर आए तो उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को अपने जाल में फंसा ही लिया था।

साभार : गूगल

ब्रूक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को हवा में खड़ा कर बैठे। शॉर्ट थर्ड मैन की दिशा में तैनात शिवम दुबे गेंद को सही से जज नहीं कर पाए और कैच टपका दिया। ब्रूक उस समय 3 के स्कोर पर थे। कैच छूटने के बाद ब्रूक ने अगली दो गेंदों पर बैक टू बैक दो छक्के लगाए। अगर ब्रूक यहां आउट हो जाते तो मैच का नतीजा कुछ और भी हो सकता था।

अक्षर पटेल के 16वें ओवर में जोस बटलर का कैच छूटा, जब वह 101 के निजी स्कोर पर थे। हैरी ब्रूक को 90 के निजी स्कोर पर एक और जीवनदान मिला। पारी के आखिरी ओवर में ईशान किशन ने इस बार उनका कैच छोड़ा। टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से भारत की कैचिंग क्षमता 72.1% है। फुल मेंबर्स में सिर्फ आयरलैंड और बांग्लादेश का प्रदर्शन इससे खराब रहा है।

@MichaelVaughan

बात मैच की करें तो, 258 रनों की चेज में भारत के लिए ईशान किशन और तिलक वर्मा ने फिफ्टी जरूर जड़ी, मगर टीम इंडिया 201 रन से ज्यादा बोर्ड पर नहीं लगा पाई। अभिषेक शर्मा जैसे विस्फोटक बल्लेबाज कुछ नहीं कर पाए, वहीं सीरीज का दूसरा मैच खेल रहे सैमसन का प्रदर्शन भी फीका रहा। कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी आखिरी टी20 में नहीं चला।