Trending

टेस्ट-टी20 की बादशाहत गई, अब वनडे में भी नंबर-1 कुर्सी गंवाएगा भारत!

एक समय ऐसा था जब भारत टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों फॉर्मेट का बादशाह था। टीम इंडिया आईसीसी की तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग में नंबर-1 पर काबिज थी। मगर पिछले कुछ समय में भारतीय टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली है। सबसे पहले टीम इंडिया ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी बादशाहत गंवाई।

इसके बाद रेड बॉल क्रिकेट में उसे अपने ही घर में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। भारत न सिर्फ दोनों सीरीज हारा, बल्कि दोनों मेहमान टीमों ने उसका सूपड़ा भी साफ कर दिया। वहीं टी20 क्रिकेट में भी भारत की नंबर-1 की कुर्सी छिन गई।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया ने चार साल बाद टी20 में अपनी बादशाहत खो दी। ऐसे में अब भारत सिर्फ वनडे रैंकिंग में ही पहले पायदान पर बना हुआ है। सवाल यह है कि क्या वनडे में भी टीम इंडिया की नंबर-1 पोजिशन खतरे में है?

साभार : गूगल

104 रेटिंग अंकों के साथ भारत फिलहाल आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में चौथे पायदान पर है। टीम इंडिया से ऊपर न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया मौजूद हैं। 131 रेटिंग अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर काबिज है और उसके तथा भारत के बीच बड़ा अंतर है। वहीं साउथ अफ्रीका दूसरे और न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंकतालिका में भी भारत की स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं है। पहली दो साइकिल के फाइनल खेलने वाली टीम इंडिया पिछली बार खिताबी मुकाबले में जगह नहीं बना सकी थी। वहीं मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकिल में भारत पांचवें पायदान पर है। फाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को शीर्ष दो टीमों में जगह बनानी होगी, लेकिन फिलहाल यह राह काफी मुश्किल नजर आ रही है।

यूके दौरे से पहले भारत आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर था। लेकिन आयरलैंड के खिलाफ उसे बड़ा उलटफेर झेलना पड़ा। आयरिश टीम ने पहली बार भारत को न सिर्फ किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हराया, बल्कि 2-0 से सीरीज भी अपने नाम कर ली।

इसके बावजूद भारत नंबर-1 बना रहा। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया की नंबर-1 की कुर्सी भी चली गई। अब हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम टी20 रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गई है।

वनडे क्रिकेट में फिलहाल भारत 121 रेटिंग अंकों के साथ पहले पायदान पर बना हुआ है, जबकि न्यूजीलैंड 110 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच 11 रेटिंग अंकों का अंतर है। ऐसे में फिलहाल भारत की नंबर-1 पोजिशन पर कोई तत्काल खतरा नहीं है।

यहां तक कि यदि टीम इंडिया यह सीरीज 0-3 से भी हार जाती है, तब भी वह वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी रहेगी। हालांकि भारतीय टीम ऐसा बिल्कुल नहीं होने देना चाहेगी। उसका लक्ष्य अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भी नंबर-1 टीम के रूप में उतरने का रहेगा।