पहले मैच में मेरठ मेवरिक्स से भिड़ेगी काशी रुद्रास, 14 अगस्त से शुरू होगी यूपी टी20 लीग
यूपी टी20 लीग: लखनऊ में होगा आगाज, प्लेऑफ और फाइनल कानपुर में
लखनऊ : यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन का शुभारंभ 14 अगस्त से लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन काशी रुद्रास और उपविजेता मेरठ मेवरिक्स के बीच खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ्स और फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में संपन्न होगा।
इस बार लीग में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मुकाबले शामिल हैं। पहली बार यूपी टी20 लीग का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा। टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां 13 दिनों में कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्थानांतरित होगा, जहां शेष 12 मैच आयोजित किए जाएंगे।
यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि,”यूपी टी20 लीग हर सीजन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है। इस वर्ष पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो अलग-अलग शहरों में किया जा रहा है, जो लीग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पहला चरण लखनऊ में होगा, जबकि दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल कानपुर में आयोजित किए जाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि, “पिछले कुछ वर्षों में टूर्नामेंट का स्तर काफी बेहतर हुआ है। हमें विश्वास है कि इस सीजन में भी युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिलेगा। हम सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि प्रशंसकों को एक और रोमांचक सीजन देखने को मिलेगा।”
नॉकआउट चरण के सभी मुकाबले भी कानपुर में होंगे। क्वालिफायर 1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि क्वालिफायर 2 4 सितंबर को होगा। इसके बाद 6 सितंबर को यूपी टी20 लीग सीजन 4 का फाइनल खेला जाएगा।

मैचों का कार्यक्रम
15 अगस्त को पहले मुकाबले में नोएडा किंग्स का सामना कानपुर सुपरस्टार्स से होगा, जबकि दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे।
16 अगस्त को काशी रुद्रास की भिड़ंत कानपुर सुपरस्टार्स से होगी, जबकि दूसरे मुकाबले में मेरठ मेवरिक्स और गौर गोरखपुर लायंस के बीच मैच खेला जाएगा।
17 अगस्त को नोएडा किंग्स और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगे। 18 अगस्त को काशी रुद्रास और गौर गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला होगा, जबकि 19 अगस्त को लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मेवरिक्स की टक्कर होगी।
20 अगस्त को डबल-हेडर में पहले मैच में गौर गोरखपुर लायंस का सामना नोएडा किंग्स से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स और काशी रुद्राक्ष आमने-सामने होंगे।
21 अगस्त को मेरठ मेवरिक्स और नोएडा किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दिन के दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स का सामना कानपुर सुपरस्टार्स से होगा। 22 अगस्त को डबल-हेडर में काशी रुद्रास और गौर गोरखपुर लायंस के बीच पहला तथा मेरठ मेवरिक्स और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच दूसरा मुकाबला होगा।
23 अगस्त को पहले मैच में लखनऊ फाल्कन्स की नोएडा किंग्स और मेरठ मेवरिक्स की गौर गोरखपुर लायंस से और 24 अगस्त को पहले मैच में काशी रुद्रास की लखनऊ फाल्कन्स से और दूसरे मैच में नोएडा किंग्स की गौर गोरखपुर लायंस से टक्कर होगी।
25 अगस्त को पहले मैच में कानपुर सुपरस्टार्स से मेरठ मेवरिक्स का और दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स का काशी रुद्रास जबकि लखनऊ चरण के अंतिम दिन गौर गोरखपुर लायंस की कानपुर सुपरस्टार्स से और दूसरे मैच में नोएडा किंग्स की काशी रुद्रास से टक्कर होगी।
28 अगस्त से कानपुर चरण, 6 सितंबर को फाइनल
कानपुर चरण की शुरुआत 28 अगस्त को काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स के मुकाबले से होगी। इसके बाद 3 सितंबर को क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर, 4 सितंबर को क्वालिफायर-2 तथा 6 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा, जिसमें चौथे सीजन के चैंपियन का फैसला होगा।