Trending

फाइनल से पहले स्पेन को फिटनेस का झटका, यामल और पोरो ने नहीं किया पूरा अभ्यास

स्पेन ने अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, खिताबी मुकाबले से पहले टीम के लिए लैमिन यामल और पेड्रो पोरो की फिटनेस चिंता का विषय है।

न्यू जर्सी में आयोजित पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान युवा स्टार लैमिन यामल और डिफेंडर पेड्रो पोरो ने बाकी खिलाड़ियों के साथ नियमित अभ्यास नहीं किया। दोनों खिलाड़ियों ने मैदान के किनारे हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग की। इस दौरान यामल की बाईं जांघ पर पट्टी बंधी हुई दिखाई दी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था।

हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, एहतियात के तौर पर उन्हें मुख्य ग्रुप से अलग रखा गया, ताकि फाइनल से पहले उनकी फिटनेस पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

साभार : गूगल

यामल इस वर्ल्ड कप में अब तक 496 मिनट मैदान पर बिता चुके हैं। केप वर्डे के खिलाफ एक मैच को छोड़कर उन्होंने हर मुकाबले में शुरुआती एकादश में जगह बनाई है। हालांकि, चोट से वापसी के बाद वह अभी तक अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे हैं, लेकिन फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। उनकी तेज रफ्तार और शानदार मूवमेंट की बदौलत स्पेन को पेनल्टी मिली, जिससे टीम ने मुकाबले में बढ़त हासिल की।

दूसरी ओर, पेड्रो पोरो ने स्पेन के सात में से पांच मैचों में शुरुआती एकादश का हिस्सा रहते हुए कुल 444 मिनट मैदान पर बिताए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 और फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में गोल भी दागा था। सेमीफाइनल के बाद स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने बताया कि पोरो की मांसपेशियों में हल्की जकड़न है और फाइनल से पहले उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा।

कोच ने यामल की फिटनेस को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम से मिली जानकारी के अनुसार यामल की कोई गंभीर समस्या नहीं है और उनकी स्थिति संतोषजनक है।

रविवार को होने वाला यह मुकाबला स्पेन के लिए बेहद खास होगा। 2010 में पहली बार विश्व चैंपियन बनने के बाद यह टीम का पहला फीफा वर्ल्ड कप फाइनल है। वहीं, अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। अर्जेंटीना इससे पहले 1978, 1986 और 2022 में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुका है।